जसम के राज्य सम्मेलन में राजनीतिक प्रस्ताव पारित, सड़क को आंदोलन से आबाद करने का एलान

चुनावी सत्र में नई कमिटी का गठन, जीतेंद्र अध्यक्ष और दीपक बने सचिव

समस्तीपुर, 27 सितंबर 2026: समस्तीपुर कॉलेज के प्रांगण में जन संस्कृति मंच (जसम) के दो दिवसीय बिहार राज्य सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को सांगठनिक सत्र और चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सम्मेलन में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया और राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह ने दो टूक शब्दों में ऐलान किया कि अब वक्त आ चुका है जब सड़क को आंदोलन से पूरी तरह आबाद किया जाए।

समस्तीपुर कॉलेज में आयोजित जन संस्कृति मंच के राज्य सम्मेलन के दौरान मंच पर मौजूद पदाधिकारी एवं नवनिर्वाचित कमिटी के सदस्य।

सांगठनिक सत्र और रिपोर्ट पर लंबी बहस

रविवार सुबह आयोजित सांगठनिक सत्र की शुरुआत में मंच पर बतौर पर्यवेक्षक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कौशल किशोर और राष्ट्रीय महासचिव मनोज कुमार समेत कई दिग्गज उपस्थित रहे। इस महत्वपूर्ण सत्र की अध्यक्षता जीतेंद्र कुमार, तबस्सुम फरहाना, अनील अंशुमन, सुरेंद्र प्रसाद सुमन और रामबाबू आर्य की अध्यक्षमंडली ने संयुक्त रूप से की।

प्रतिनिधियों के बीच कॉपियों के वितरण के बाद राज्य सचिव दीपक सिन्हा ने “कामकाज की रिपोर्ट” सदन के पटल पर रखी। इस रिपोर्ट पर सुमन कुमार सिंह, प्रभात कुमार, समता राय, कृष्ण कुमार निर्मोही, निर्मल नयन, राजेश कमल और विन्देश्वरी सिंह सहित दर्जनभर से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और खुलकर अपने विचार रखे। प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण सुझावों को रिपोर्ट में शामिल करने का आश्वासन राज्य सचिव द्वारा दिए जाने के बाद, अध्यक्षमंडली के प्रस्ताव पर हाउस ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पास कर दिया।

चुनावी सत्र में नई कमिटी का गठन, जीतेंद्र अध्यक्ष और दीपक बने सचिव

सांगठनिक सत्र के दूसरे चरण में चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। पर्यवेक्षक कौशल किशोर ने विदाई राज्य कमिटी की ओर से 125 सदस्यीय नई राज्य परिषद के गठन का प्रस्ताव हाउस के समक्ष रखा, जिसे डेलीगेट्स ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मंजूर कर लिया। इसके बाद 45 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी गठन का प्रस्ताव भी ध्वनिमुद्रित रूप से पास किया गया।

तत्पश्चात नवगठित राज्य परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से शीर्ष पदों पर चुनाव संपन्न हुआ:

  • अध्यक्ष: जीतेंद्र कुमार
  • सचिव: दीपक सिन्हा
  • उपाध्यक्ष: सुरेंद्र प्रसाद सुमन, प्रभात कुमार, रामबाबू आर्य, निर्मल नयन, कृष्ण कुमार निर्मोही, प्रमोद यादव, शंभू भारतीय, अनील अंशुमन, अहमद सगीर, विजय और स्नेहलता।
  • सह सचिव: पुनीत पाठक, सुमन कुमार सिंह, रंजन कुमार बमबम, समीर कुमार, संजय कुमार और अशोक पासवान।

गीतों के साथ ऐतिहासिक सम्मेलन का समापन

सम्मेलन के अंतिम चरण में समस्तीपुर कॉलेज की ओर से दिनेश्वर यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके पश्चात पुनीत पाठक, प्रमोद यादव और अनील अंशुमन के नेतृत्व में “हम होंगे कामयाब” गीत के सामूहिक गायन के साथ इस भव्य सम्मेलन के समापन की आधिकारिक घोषणा की गई।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विजय नंदन, रूपा कुमारी, लोकेश राज, सुनील कुमार, दीपक यदुवंशी, जीतेंद्र सहनी, रंजीत राम, बंदना सिंह, उमेश कुमार और रवि कुमार दूबे की भूमिका बेहद सराहनीय रही, जिसके लिए जसम की तरफ से सभी को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here