पटना: पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी ने जीत दर्ज की है। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने अपनी पहली चुनावी लड़ाई में सफलता हासिल करते हुए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से पराजित किया।
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले। इस परिणाम के साथ ही बांकीपुर में पिछले 30 वर्षों से चला आ रहा भाजपा का प्रभाव समाप्त हो गया।


यह विधायक बनाने का नहीं, बिहार के भविष्य का चुनाव: प्रशांत किशोर
अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज करने के बाद बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता की जीत है। जनता ने बदलाव, विकास और नई राजनीति पर अपना भरोसा जताया है।
प्रशांत किशोर ने आगे कहा, “चुनाव प्रचार के दौरान हम लोगों ने जो बात रखी थी, यह सिर्फ एक विधायक बनाने का चुनाव नहीं है। यह बिहार की जनता द्वारा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को दिया गया एक सीधा संदेश है। जनता ने 202 विधायक जिताए हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि बिहार में किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जाए। किसी भी गलत चाल-चरित्र वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व न सौंपा जाए। एक अच्छे और ईमानदार व्यक्ति को नेतृत्व दिया जाए, ताकि बिहार में बेहतर शिक्षा व्यवस्था हो, बच्चों के लिए रोजगार के अवसर बनें और हमारे राज्य के बच्चों को मजदूरी करने बाहर न जाना पड़े।”

नरेंद्र मोदी और अमित शाह से बड़ी अपील
प्रशांत किशोर ने देश के नेतृत्व से अपील करते हुए कहा, “लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी और अमित शाह को यह देखना चाहिए कि बिहार में बेहतरी कैसे लाई जा सकती है। बिहार में बच्चों को रोजगार कैसे मिले और पलायन कैसे रुके, इस पर काम करने की जरूरत है। हम लोगों को विधायक बनकर कोई ठेका-पट्टा नहीं करना है, हमारा एकमात्र उद्देश्य बिहार का विकास है।”
गुजरात का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “अगर गुजरात से 25 संसद सदस्य (MP) जीतकर गए हैं और वहां के लोगों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में योगदान दिया है, तो बिहार के भी 13 करोड़ लोगों ने आंख बंद करके नरेंद्र मोदी को वोट दिया है। ऐसे में जितनी चिंता गुजरात की की जाती है, उतनी ही चिंता बिहार की भी होनी चाहिए। बिहार के 1 करोड़ से अधिक बच्चे बाहर रहकर मजदूरी करने पर मजबूर हैं। उनके लिए केंद्र सरकार को एक विशेष प्रोग्राम बनाना चाहिए, ताकि पलायन रुक सके। 10-15 हजार रुपये की नौकरी के लिए किसी बच्चे को अपना घर, परिवार और समाज छोड़कर गुजरात, बॉम्बे, दिल्ली, कोलकाता, कोयंबटूर, तमिलनाडु या कर्नाटक न जाना पड़े।”

प्रशांत किशोर ने कहा कि अब बिहार की जनता 4 किलो या 5 किलो अनाज, जाति और धर्म के नाम पर वोट नहीं देगी। अगर केंद्र और राज्य सरकार ने शिक्षा और रोजगार पर काम नहीं किया, तो आगे के चुनावों में उन्हें ऐसे ही नतीजों का सामना करना पड़ेगा।
जनादेश का सम्मान, हार के कारणों की होगी समीक्षा: संजय सरावगी
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी जनता के इस जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कम वोट मिलने के कारणों की समीक्षा की जाएगी। संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर में विकास कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने जीत हासिल करने वाले प्रत्याशी प्रशांत किशोर को बधाई भी दी।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


