मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में खाकी की साख और सुरक्षा व्यवस्था को ताक पर रखने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने कड़ा रुख अपनाया है। अनुशासनहीनता, मनमानेपन और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ चलाई जा रही कार्रवाई के तहत इस बार दो महिला सिपाहियों पर बड़ी गाज गिरी है।
बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद चाक-चौबंद रखी जा रही है। इसी कड़ी में एमआईटी कॉलेज स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) में रखी मतपेटियों की सुरक्षा के लिए तैनात गार्डों का औचक निरीक्षण किया गया। यह औचक निरीक्षण पुलिस केंद्र मुजफ्फरपुर के पुलिस उपाध्यक्षक (रक्षित) द्वारा किया गया था।

औचक निरीक्षण में खुली पोल
निरीक्षण के दौरान वज्रगृह की सुरक्षा में तैनात दो महिला सिपाहियों की भारी लापरवाही उजागर हुई। सुरक्षा गार्ड में प्रतिनियुक्त महिला सिपाही संख्या-503 लिलम कुमारी और महिला सिपाही संख्या-163 प्रीति कुमारी बिना किसी अधिकृत अवकाश (छुट्टी) या पूर्व अनुमति के अपने ड्यूटी स्थल से गायब पाई गईं।

अतिसंवेदनशील ड्यूटी में बड़ी चूक
चुनाव जैसे अतिसंवेदनशील और बेहद महत्वपूर्ण कार्य में तैनात होकर भी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के गायब रहना पुलिस महकमे के लिए गंभीर चिंता का विषय माना गया। वरीय अधिकारियों के अनुसार, यह हरकत न केवल अधिकारियों के आदेशों की सीधी अवहेलना है, बल्कि कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और गंभीर अनुशासनहीनता को दर्शाती है।

एसएसपी की सख्त कार्रवाई
पुलिस उपाध्यक्षक (रक्षित) द्वारा की गई जांच और अनुशंसा के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने कड़ा फैसला लिया। दोनों आरोपी महिला सिपाही संख्या-503 लिलम कुमारी एवं महिला सिपाही संख्या-163 प्रीति कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।


अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

