सकरा (मुजफ्फरपुर)। सकरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी सकरा के प्रांगण में आयोजित नगर पंचायत सकरा का सहयोग शिविर पूरी तरह बेअसर साबित हुआ। जनता की समस्याओं के तत्काल समाधान और योजनाओं के लाभ के लिए लगाए गए इस शिविर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और अधिकारी फरियादियों की राह तकते नजर आए।

सुस्ती और मौसम का बहाना, या सकरा नगर पंचायत के लोगो की समस्याएं हो गईं खत्म?
शिविर में फरियादियों की बेहद निराशाजनक मौजूदगी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एक तरफ जहां प्रचार-प्रसार की भारी कमी और खराब मौसम को लोगों के न पहुंचने की वजह बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या सकरा नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों की सभी समस्याओं का समाधान पहले ही हो चुका है? या फिर सरकारी दावों का ढोल पीटने वाले इस तंत्र से आम जनता का भरोसा उठ चुका है? कारण जो भी हो, लेकिन शाम 4 बजे तक पोर्टल पर महज 10 आवेदन ही पंजीकृत हो सके, जिसने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोलकर रख दी।

केवल 10 आवेदनों पर सिमटा पूरा शिविर दिनभर चले इस शिविर में शाम तक दर्ज हुए कुल 10 आवेदनों का ब्योरा कुछ इस प्रकार रहा:
- जमाबंदी से संबंधित: 4 आवेदन
- नल-जल योजना से संबंधित: 2 आवेदन
- आवास योजना से संबंधित: 2 आवेदन
- बिजली समस्या: 1 आवेदन
- विद्यालय चाहरदीवारी व उन्नयन: 1 आवेदन
शिविर में मुख्य रूप से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले फरियादियों में अनुराधा कुमारी, अमरेन्द्र कुमार, मंजू कुमारी सिन्हा, रामबालक शर्मा और मंजय सिंह आदि शामिल रहे।
कुर्सियों पर बैठे रहे कर्मचारी और प्रतिनिधि : जनता की अनुपस्थिति के बावजूद शिविर की औपचारिकता पूरी करने के लिए नगर पंचायत सकरा के आईटी असिस्टेंट निरंजन कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुभाष कुमार, होल्डिंग टैक्स संग्राहक राहुल कुमार, एमटीएस कर्मी शकल कुमार राय एवं सुबोध कुमार राय मौजूद रहे। इसके अलावा स्थानीय वार्ड पार्षद भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने शिविर स्थल पर पहुंचे रहे। हालांकि, फरियादियों के अभाव में सभी कर्मी दिनभर पोर्टल और लैपटॉप पर सन्नाटा नापते नजर आए।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

