Saturday, September 12, 2026

मुजफ्फरपुर(सकरा)के लाल ने बढ़ाया बिहार का मान, बॉलीवुड स्टार ईशा देओल ने मेदांता के डॉक्टर सम्राट अशोक को दिया राज्य का बड़ा सम्मान

विशेष संवाददाता, मुजफ्फरपुर: चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में समर्पण, मानवीय संवेदना और उत्कृष्ट क्लिनिकल दक्षता का अनोखा उदाहरण पेश करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के लाल डॉक्टर सम्राट अशोक ने पूरे बिहार प्रदेश का नाम रोशन किया है। पटना स्थित प्रतिष्ठित जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत डॉक्टर सम्राट अशोक को ‘बिजनेस इन बिहार’ (बीआईबी) द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह ‘आइकॉनिक पर्सनालिटीज ऑफ बिहार 2026’ में वर्ष के सबसे प्रतिष्ठित स्वास्थ्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

राजधानी पटना में आयोजित इस भव्य गरिमामय समारोह में “जिसने बढ़ाया बिहार का मान, बीआईबी करता है उनका सम्मान” के प्रेरक संदेश के साथ डॉक्टर सम्राट अशोक को ‘आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन टू वुमेन्स हेल्थ’ (महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान) श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह विशेष सम्मान उन्हें प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल के हाथों प्रदान किया गया। मंच पर जैसे ही इस युवा चिकित्सक को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, पूरा सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठा।

बिजनेस इन बिहार (बीआईबी) – आइकॉनिक पर्सनालिटीज ऑफ बिहार 2026 समारोह में डॉक्टर सम्राट अशोक को आउटस्टैंडिंग कंट्रीब्यूशन टू वुमेन्स हेल्थ सम्मान सौंपतीं बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल।

पुरुष होकर भी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ बन पेश की अनूठी मिसाल

डॉक्टर सम्राट अशोक की शैक्षणिक और चिकित्सीय पृष्ठभूमि बेहद प्रभावशाली है। इन्होंने प्रतिष्ठित डॉक्टर डीवाई पाटिल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीवाईपीएमसीएच) पुणे से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। इसके बाद इन्होंने स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी) में फेलोशिप प्राप्त कर विशेषज्ञता हासिल की। महाराष्ट्र के पुणे स्थित सरकारी अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके डॉक्टर सम्राट अशोक ने एक पुरुष चिकित्सक होकर भी महिलाओं के जटिल से जटिल स्वास्थ्य संबंधी विषयों और प्रसूति देखभाल को अपनी विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र चुना, जो समाज के पारंपरिक बंधनों को तोड़कर सेवा भाव की एक नई राह दिखाता है।

प्रतिष्ठित सामाजिक-शैक्षणिक पारिवारिक पृष्ठभूमि

डॉक्टर सम्राट अशोक मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड अंतर्गत सरमस्तपुर गांव के निवासी हैं। इनके पिता राम जी प्रसाद और माता कौशल्या मौर्य हैं। सकरा क्षेत्र में इनके परिवार को बेहद आदर, निष्ठा और सम्मान के नजरिए से देखा जाता है। इनके दादा रामेश्वर महतो क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी रहे हैं, जिनकी पहचान रामेश्वर चेथरू महाविद्यालय  (आरसी कॉलेज) सकरा के संस्थापक और प्रमुख दानदाता के रूप में रही है। शिक्षा और समाज सेवा के इसी पारिवारिक संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए डॉक्टर सम्राट अशोक आज चिकित्सा जगत में जन-जन की सेवा कर रहे हैं।

गांव की माटी से जुड़ाव: छुट्टी के दिन भी गांव में उमड़ती है मरीजों की भीड़

इतने बड़े सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में कार्यरत होने के बावजूद डॉक्टर सम्राट अशोक अपनी माटी और गांव की जड़ों को कभी नहीं भूले। प्रत्येक साप्ताहिक छुट्टी के दिन जब वे अपने गांव सरमस्तपुर स्थित आवास पर आते हैं, तो वहां मरीजों की भारी कतार लग जाती है।

एनएच 28, वार्ड नंबर 02, सरमस्तपुर (हनुमान मंदिर के दक्षिण, मध्य विद्यालय के निकट) स्थित ‘हैप्पी हेल्थ क्लिनिक’ के माध्यम से वे ग्रामीण और वंचित वर्ग के लोगों को बेहतर सलाह और सुलभ इलाज मुहैया कराते हैं। यहां न केवल मुजफ्फरपुर बल्कि आसपास के जिलों से भी महिलाएं प्रसूति एवं स्त्री रोग से संबंधित परामर्श के लिए पहुंचती हैं। साथ ही जनरल फिजिशियन और सर्जन के रूप में अनुभव होने के कारण पेट एवं लिवर रोग, हृदय रोग, शिशु रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, एक्सीडेंटल केयर और मौसमी बीमारियों से पीड़ित पुरुष मरीज भी बड़ी संख्या में इनका मार्गदर्शन लेने आते हैं।

क्षेत्र में खुशी की लहर

डॉक्टर सम्राट अशोक को राज्य स्तरीय सम्मान मिलने की खबर सामने आते ही सकरा प्रखंड और पूरे मुजफ्फरपुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राज्य स्तर पर पहचान बनाना और बॉलीवुड सेलिब्रिटी के हाथों सम्मानित होना पूरे मुजफ्फरपुर के लिए गौरव की बात है। डॉक्टर सम्राट अशोक ने इस सम्मान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से ज्यादा मरीजों की सेवा और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक निष्ठा से निभाने का संकल्प है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  न्‍यूज भारत टीवी के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  || 

पुलिस का बड़ा एक्शन: थूक फेंककर छिनतई करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, पिस्टल और बोलेरो के साथ 4 कुख्यात गिरफ्तार

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और छिनतई करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के दिशानिर्देश पर गठित विशेष टीम (एसआईटी) ने ताजपुर रेफरल अस्पताल के पास हुई छिनतई की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा एक अन्य अभियान के तहत लूट कांड के वांछित अभियुक्त को अवैध आग्नेयास्त्र और वाहन के साथ दबोचा गया।

कपड़े पर थूक फेंककर ध्यान भटकाते थे और उड़ लेते थे रुपये

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 14 अगस्त 2026 को ताजपुर थाना अंतर्गत ग्राम-अस्पताल चौक स्थित रेफरल अस्पताल समस्तीपुर के पास 3 अज्ञात अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से वादी राजकुमार चौधरी को बातों में उलझाया और उनकी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR06Z2477) की डिक्की खोलकर 30,000 रुपये चोरी कर लिए। इस संबंध में ताजपुर थाना में मामला दर्ज (कांड संख्या 186/26) किया गया।

समस्तीपुर जिले के ताजपुर में गिरफ्तार छिनतई व आर्म्स एक्ट के अभियुक्तों और बरामद पिस्टल, कारतूस, बोलेरो व नकद राशि की जानकारी देते पुलिस अधिकारी ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) समस्तीपुर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोतीपुर चौक के पास से घटना में शामिल बेगूसराय जिले के दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:

  1. अमरजीत तिवारी (पिता: दिलीप तिवारी, निवासी: सोखरा वार्ड नंबर 18, थाना: फुलवरिया, जिला: बेगूसराय)
  2. अभय मिश्रा उर्फ विकास मिश्रा (पिता: स्वर्गीय बबलू मिश्रा, निवासी: सोखरा बरौनी वार्ड नंबर 11, थाना: फुलवरिया, जिला: बेगूसराय)

गिरफ्तार अपराधियों के पास से राजकुमार चौधरी का आधार कार्ड, 8,100 रुपये नकद और 2 मोबाइल बरामद किए गए।

रैकी कर महिलाओं के गले से सोने की चैन और रुपये भी लूटे थे

पूछताछ और स्वीकारोक्ति बयान में अपराधियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। इन दोनों ने अपने एक अन्य साथी मिट्ठू तिवारी के साथ मिलकर कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।

  • मोडस ऑपरेंडी (तरीका): 14 अगस्त को सेंट्रल बैंक ताजपुर से एक व्यक्ति का पीछा कर वे अस्पताल चौक पहुंचे। वहां मिट्ठू तिवारी ने उस व्यक्ति की पीठ पर थूक दिया। जब वह व्यक्ति कपड़ा साफ करने लगा, तो ये दोनों उसकी मदद का नाटक करने लगे। इसी बीच मिट्ठू तिवारी ने बाइक की डिक्की खोलकर 30,000 रुपये, पासबुक और आधार कार्ड से भरा झोला उड़ा लिया।
  • अन्य घटनाएं: इन अपराधियों ने उसी दिन लक्ष्मी टॉकीज के पास स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से निकली एक महिला से रुपये और मोबाइल छीने थे (नगर थाना समस्तीपुर कांड संख्या 226/26)। इसके अलावा 31 जुलाई 2026 को ताजपुर के चांदनी चौक के पास एक महिला के गले से 10 ग्राम सोने की चैन झपट्टा मारकर छीन ली थी (ताजपुर थाना कांड संख्या 176/26)।

दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। अमरजीत तिवारी पर वारसलीगंज, आरा नवादा, मुसरीघरारी, दलसिंहसराय और नगर थाना में लगभग 9 संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं अभय मिश्रा पर भी वारसलीगंज, नगर थाना, जमुई और दलसिंहसराय में कई मामले दर्ज हैं। तीसरे फरार साथी मिट्ठू तिवारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

दूसरे मामले में पिस्टल, कारतूस और बोलेरो के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार

एक अन्य सफलता में, ताजपुर थाना पुलिस ने 15 अगस्त 2026 को हरपुर भिंडी स्थित दर्जनिया पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर UP91E0579) को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार दो लोगों के पास से 1 पिस्टल, 2 जिंदा गोली और 2 मोबाइल बरामद हुए।

गिरफ्तार अभियुक्त:

  1. विकास कुमार (पिता: भोगेंद्र राय, निवासी: गॉवपुर वार्ड नंबर 13, थाना: सरायरंजन, जिला: समस्तीपुर)
  2. विवेक कुमार राय (पिता: विकाश कुमार, निवासी: मोरवा मोहनपुर वार्ड नंबर 13, थाना: ताजपुर, जिला: समस्तीपुर)

25 मई के लूट कांड में थे वांछित: पूछताछ में विवेक कुमार राय ने स्वीकार किया कि 25 मई 2026 को उसने अपने सहयोगियों रोहित कुमार (पिता: मिथिलेश पासवान) और विशाल कुमार (पिता: रामनारायण पासवान) के साथ मिलकर रामापुर-महेशपुर पावर हाउस के पास सुशील कुमार सिंह (उम्र 26 वर्ष, हरपुर भिंडी) से 5,000 रुपये, आधार कार्ड, सैमसंग मोबाइल और गले में पहनी सोने की हनुमानजी की मूर्ति लूट ली थी (ताजपुर थाना कांड संख्या 108/26)। पुलिस अब लूटे गए शेष सामानों की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।

बरामदगी की सूची:

  • मामला 1 (छिनतई गिरोह): नकद 8,100 रुपये, आधार कार्ड, 2 मोबाइल।
  • मामला 2 (आर्म्स एक्ट/लूट कांड): 1 बोलेरो गाड़ी, 1 देशी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल।

छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी:

इस सफल कार्रवाई में ताजपुर थानाध्यक्ष पु०नि० मनीष कुमार, ताजपुर थाना की पु०अ०नि० आयशा कुमारी, मोरवा पिकेट के स०अ०नि० अजय कुमार, ताजपुर थाना के स०अ०नि० जितेन्द्र कुमार, डीआईयू शाखा समस्तीपुर तथा ताजपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

शोधार्थियों के अनशन में कूदे पप्पू यादव: सरकार को दी चेतावनी, मांगें नहीं मानीं तो बिहार बंद और अनिश्चितकालीन उपवास

पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित गर्दनीबाग धरना स्थल पर पिछले 11 दिनों से जारी शोधार्थियों का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन अब बड़ा राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। रविवार को पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अनशन स्थल पर पहुंचे और ‘ऑल पीएचडी होल्डर एंड रिसर्च स्कॉलर एसोसिएशन ऑफ बिहार’ के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। शोधार्थियों के साथ एकजुटता दर्शाते हुए सांसद खुद भी एक दिन के उपवास पर बैठ गए। अनशन स्थल पर वे हाथों में महान क्रांतिकारी भगत सिंह की तस्वीर और ‘शिक्षा सत्याग्रह 2.0: 70वीं बीपीएससी परीक्षा को पूरी तरह निरस्त किया जाए की तख्तियां थामे नजर आए।

पटना के गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर ‘शिक्षा सत्याग्रह 2.0’ के तहत अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे शोधार्थियों के बीच बैठकर एक दिवसीय उपवास रखते पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव। हाथों में बीपीएससी परीक्षा निरस्त करने और मांगों के समर्थन की तख्तियां लिए आंदोलनरत युवा एवं शोधार्थी।

सहायक प्राध्यापक बहाली समेत कई मांगें लंबित

गर्दनीबाग में राज्यभर से आए शोधार्थी सहायक प्राध्यापक बहाली और शिक्षा व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर 11 दिनों से डटे हुए हैं। भीषण गर्मी और मानसिक तनाव के बीच छात्र अपनी मांगों के समर्थन में अनशन पर हैं। रविवार को अनशन स्थल पहुंचे सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आंदोलनरत युवाओं और शोधार्थियों से एक-एक कर बात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उनके हक की लड़ाई में हर कदम पर साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

जैन जी को बौद्धिक नक्सली कहना दुखद”

आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज का युवा यानी जैन जी (Gen Z) अपने करियर, रोजगार के अवसरों और एक बेहतर भविष्य को लेकर बेहद गंभीर है। वे अपने अधिकारों की बात कर रहे हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार उनकी आवाज दबाने में लगी है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री युवाओं और इस पीढ़ी को ‘बौद्धिक नक्सली’ कह रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है। बिहार में शिक्षित युवाओं और शोधार्थियों की न्यायसंगत मांगों को अनसुना किया जा रहा है।

पटना के गर्दनीबाग स्थित धरना स्थल पर ‘शिक्षा सत्याग्रह 2.0’ के तहत अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे शोधार्थियों के बीच बैठकर एक दिवसीय उपवास रखते पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव। हाथों में बीपीएससी परीक्षा निरस्त करने और मांगों के समर्थन की तख्तियां लिए आंदोलनरत युवा एवं शोधार्थी।

बिहार बंद और अनिश्चितकालीन उपवास का अल्टीमेटम

सांसद ने सरकार को कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अनशन पर बैठे शोधार्थियों और छात्रों की वाजिब मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया, तो यह आंदोलन केवल धरना स्थल तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि मांगें न माने जाने की स्थिति में पूरे बिहार को बंद कराया जाएगा और वे स्वयं अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठेंगे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

पटना में याद किए गए ‘भारत रत्न’अटल बिहारी वाजपेयी, पुण्यतिथि पर: सम्राट चौधरी, राज्यपाल सैयद अता हसनैन और दिग्गज नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि!

पटना, 16 अगस्त 2026:

‘हार नहीं मानूँगा, रार नहीं ठाणूँगा, काल के कपाल पे लिखता मिटाता हूँ, गीत नया गाता हूँ’… संसद से लेकर करोड़ों दिलों तक गूँजने वाली ओजस्वी आवाज, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पूरा पटना श्रद्धा से नतमस्तक हो उठा।

रविवार को राजधानी पटना के पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित भव्य राजकीय श्रद्धांजलि समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ़्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और अंत्योदय के प्रति अटल जी का समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनका विराट व्यक्तित्व और देश के प्रति अटूट समर्पण भारतीय राजनीति की अमूल्य विरासत है।

पाटलिपुत्र पार्क, पटना में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, साथ में खड़े राज्यपाल सैयद अता हसनैन , बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति।

सत्ता व संगठन के दिग्गजों का लगा जमावड़ा

पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्रियों और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने अटल जी को नमन किया। माल्यार्पण करने वालों में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधायक संजय कुमार गुप्ता और विधान पार्षद कुमुद वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

समारोह के दौरान सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में भी गूँजे अटल जी के विचार

पाटलिपुत्र पार्क के अलावा पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में भी विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहाँ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया।

पोखरण से स्वर्णिम चतुर्भुज तक: अटल जी की अमिट विरासत

श्रद्धांजलि देते हुए नेताओं ने याद किया कि अटल जी का व्यक्तित्व राजनीति की सीमाओं से परे था। पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को वैश्विक मंच पर शक्तिशाली राष्ट्र बनाने की दिशा हो या फिर स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के जरिए देश को आधुनिक सड़कों से जोड़ने की दूरदर्शिता, अटल जी के फैसले आज भी भारत के विकास की मजबूत नींव बने हुए हैं। उनके भाषणों में प्रभाव, राजनीति में सुदृढ़ विचार और कविताओं में गहरी मानवीय संवेदनाएं थीं।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

उत्तर बिहार को सूखाग्रस्त घोषित करे सरकार, डेढ़ डिसमिल जमीन में गरीबों का घर और मवेशी कैसे रहेंगे: धीरेंद्र झा

लहेरियासराय में भाकपा माले मिथिला जोन की अहम समीक्षा बैठक आयोजित, 20 अगस्त को एलएनएमयू में छात्र-युवा संसद की सफलता के लिए झोंकी ताकत

दरभंगा, 16 अगस्त (विशेष संवाददाता): भाकपा माले मिथिला जोन की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक रविवार को दरभंगा जिला कार्यालय, लहेरियासराय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दरभंगा जिला सचिव बैधनाथ यादव, मधुबनी जिला सचिव ध्रुव नारायण कर्ण एवं समस्तीपुर जिला सचिव उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से की, जबकि इसका पर्यवेक्षण मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने किया।

लहेरियासराय स्थित पार्टी कार्यालय में भाकपा माले मिथिला जोन की बैठक के दौरान मंच पर विचार-विमर्श करते मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा, दरभंगा जिला सचिव बैधनाथ यादव, मधुबनी जिला सचिव ध्रुव नारायण कर्ण, समस्तीपुर जिला सचिव उमेश कुमार एवं अन्य नेता।

बैठक की शुरुआत पार्टी की राज्य कमिटी द्वारा जारी सर्कुलर के सामूहिक पाठ से हुई। इसके पश्चात हाल के दिनों में बिछड़े दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सुखाड़ और जल संकट पर सरकार की नीयत पर उठाए सवाल

बैठक को संबोधित करते हुए मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने कहा कि पूरे मिथिलांचल क्षेत्र में अकाल की काली छाया मंडरा रही है। चारों तरफ पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन सरकार का रवैया उदासीन बना हुआ है। उन्होंने सरकार से पुरजोर मांग की कि पूरे उत्तर बिहार को अविलंब सूखाग्रस्त क्षेत्र घोषित किया जाए, पीने के पानी का पुख्ता इंतजाम किया जाए और ग्रामजी कानून (मनरेगा) के तहत गरीबों को रोजगार व काम की गारंटी दी जाए।

बुलडोजर राज और बासगीत पर्चा पर तीखा हमला

धीरेंद्र झा ने राज्य सरकार की नीतियों को गरीब विरोधी करार देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व दलितों और गरीबों का दो दिवसीय ऐतिहासिक राज्यव्यापी अनशन-सत्याग्रह संपन्न हुआ है। बुलडोजर राज के खिलाफ पीपी एक्ट 1947 के तहत गरीबों का वास-आवास एक बड़ा मुद्दा बनकर उभरा है। जनांदोलन और दबाव के कारण सरकार बासगीत पर्चा देने की प्रक्रिया तो शुरू कर रही है, लेकिन महज डेढ़ डिसमिल जमीन देने की बात कर रही है।

भाकपा माले की मिथिला जोन स्तरीय बैठक में उपस्थित दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिले के पार्टी प्रतिनिधि और कार्यकर्ता।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, डेढ़ डिसमिल जमीन में गरीबों का घर कैसे बनेगा? उनके मवेशी, गाय और बकरियां कहाँ रहेंगी? सरकार अपने पूर्व के 5 डिसमिल जमीन देने के वादे से लगातार भाग रही है।” उन्होंने ऐलान किया कि हर भूमिहीन परिवार को पर्याप्त जमीन और पूर्व से बसे परिवारों को बासगीत पर्चा दिलाने के लिए आर-पार का निर्णायक संघर्ष छेड़ा जाएगा।

20 अगस्त को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में होगी छात्र-युवा संसद

बैठक में आगामी 20 अगस्त को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा में आयोजित होने वाली ‘छात्र-युवा संसद’ की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। वक्ताओं ने शिक्षा में सुधार, रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और जनसरोकारों के सवालों पर गांव-गांव तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया। साथ ही, सरकारी स्कूलों में पठन-पाठन की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया। बैठक के दौरान दलित-वंचित समाज पर लगातार बढ़ रहे हमलों की सख्त लहजे में निंदा की गई।

संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर मंथन

बैठक के दौरान खेग्रामस (खेतीहर मजदूर यूनियन) एवं किसान महासभा के सदस्यता अभियान की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। पार्टी संगठन को बूथ व शाखा स्तर तक मजबूत करने, कमेटियों का विस्तार करने, पार्टी की मुखपत्रिका ‘लोकयुद्ध’ के वार्षिक सदस्य बनाने और फंड संग्रह अभियान को गति देने पर गंभीरतापूर्वक रणनीति बनाई गई।

बैठक में ये प्रमुख नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस बैठक में मिथिलांचल के विभिन्न जिलों से आए दर्जनों प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। मौके पर वंदना सिंह, गंगा मंडल, सत्यनारायण पासवान, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, श्याम पंडित, विशंभर कामत, ललन कुमार, दिनेश कुमार, रंजीत राम, ललन पासवान, विनोद कुमार सिंह, अमित कुमार, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार, शनिश्चरी देवी, लोकेश राज सहित दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर जिला के अनेक सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

वेव वर्ल्ड स्कूल सकरा में स्वतंत्रता दिवस का अभूतपूर्व जलवा, बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन

सकरा (मुजफ्फरपुर): सकरा प्रखंड  के मझौलिया, प्रगति मोड़ स्थित प्रमुख शिक्षण संस्थान वेव वर्ल्ड स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत गरिमामयी, अनुशासित एवं उत्साहजनक माहौल में धूमधाम से संपन्न हुआ। ध्वजारोहण के पावन अवसर पर समूचा विद्यालय परिसर बच्चों की किलकारियों, तालियों की गड़गड़ाहट और अभिभावकों के उल्लासपूर्ण जयकारों से गूंज उठा। देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस समारोह ने स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय पर्व की भव्यता का एक नया मानक स्थापित किया।

वेव वर्ल्ड स्कूल के प्रांगण से स्वतंत्रता दिवस पर हाथों में तिरंगा लिए प्रभात फेरी व शोभायात्रा निकालते नन्हें-मुन्ने बच्चे तथा मार्गदर्शन करते शिक्षक एवं विद्यालय प्रतिनिधि।

देशभक्ति के रंगों से सराबोर हुआ विद्यालय प्रांगण

स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ झंडोत्तोलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रीय गान की मधुर धुन से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। ध्वजारोहण के उपरांत आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में:

  • निहारिका (कक्षा 3) ने ऐसा देश है मेरा” गीत पर अपनी भावपूर्ण एवं शानदार नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
  • सृष्टि (यूकेजी) ने मेरा देश रंगीला” गाने पर मनमोहक एवं ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
  • सोनम (कक्षा 2) ने संदेशे आते हैं” देशभक्ति गीत पर अत्यंत भावुक एवं प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके अलावा विद्यालय के अन्य मेधावी एवं उत्साही छात्रों—जयंत, दिव्यम, सानवी, आयुष, श्रेया, संप्रदा, मारूफ, श्रेयांश, रातरानी एवं राधा—ने भी विभिन्न सांस्कृतिक व देशभक्ति कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

एमडी राजीव गुप्ता का प्रेरणादायक संबोधन

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक (एमडी) राजीव गुप्ता ने उपस्थित बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों में राष्ट्रीयता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं देशप्रेम की भावना को जागृत करने का सशक्त माध्यम है। आज के ये नन्हें-मुन्ने बच्चे ही कल के भारत का भविष्य हैं और इन्हें सही दिशा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

समारोह के सफल एवं सुचारू संचालन में प्राची, अर्चना एवं प्रियंका की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीनों ने मंच संचालन के दौरान अपनी वाकपटुता एवं कुशल प्रबंधन से कार्यक्रम में अंत तक उत्साह बनाए रखा।

सांस्कृतिक मंच पर देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत करतीं निहारिका, सृष्टि व सोनम तथा सम्मान स्वरूप मेडल व ट्रॉफी प्राप्त करतीं मेधावी छात्राएं।

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन के पश्चात विद्यालय प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के प्रोत्साहन हेतु सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मेडल एवं ट्रॉफी पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अभिभावकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में छिपी प्रतिभा को एक नया मंच मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बुलंद होता है।

स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व वेव वर्ल्ड स्कूल के लिए न केवल एक उत्सव का दिन रहा, बल्कि देशभक्ति, सामाजिक सौहार्द और प्रतिभा सम्मान का एक अविस्मरणीय प्रतीक बन गया।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ऐतिहासिक ऐलान: बिहार में 1 करोड़ नौकरियों का लक्ष्य, बेटियों के लिए ‘पुलिस दीदी’ और मोकामा में बनेगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर!

पटना। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड का निरीक्षण करते और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी देते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदीकी होगी तैनाती

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की बेटियों और छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के तुरंत बाद बिहार के सभी स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी। पुलिस दीदी को स्कूटी मुहैया कराई जाएगी ताकि वे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मुस्तैद बना सकें। इसके साथ ही राज्य के सभी थानों में अभया ब्रिगेड का गठन किया गया है और 855 थानों में महिला हेल्प डेस्क 24 घंटे कार्यरत हैं।

वर्ष 2030 तक 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार का लक्ष्य

रोजगार के मोर्चे पर बड़ा रोडमैप पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक राज्य के 1 करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। युवाओं के सर्वांगीण विकास और निगरानी के लिए ‘बिहार युवा नीति’ बनाई जाएगी और ‘स्टेट यूथ कमीशन’ का गठन किया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार: 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टलऔर 551 नए सरस्वती विद्या निकेतन

शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष तथा आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति एवं उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।

  • छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के 30 दिनों के भीतर निवारण के लिए 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की शुरुआत हो रही है।
  • कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 551 ‘सरस्वती विद्या निकेतन‘ (आदर्श विद्यालय) स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ IIT-JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
  • राज्य के सभी 211 शेष प्रखंडों में एक साथ डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं।

किसान कल्याण: 25 नई चीनी मिलें और हर खेत तक पानी

गन्ना किसानों की समृद्धि के लिए राज्य सरकार 25 नई चीनी मिलों की स्थापना कर रही है, जिनमें से 10 चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं और अगले 6 महीनों में 5 और मिलें शुरू होंगी। किसानों को सिंचाई के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। इसके अलावा, कोसी-मेची लिंक परियोजना (लागत 6282 करोड़ रुपये) पर काम तेज़ी से जारी है।

मोकामा में 10 एकड़ में बनेगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर

धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पटना जिले के मोकामा में 10 एकड़ भूमि पर ‘तिरुपति बालाजी ट्रस्ट’ द्वारा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक क्रांति

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्रखंड स्तर के 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्पेशलिटी अस्पताल और जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बदला जा रहा है। 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना  के तहत सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनधारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है।

शहरों का आधुनिक विकास: 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप

सुव्यवस्थित शहरीकरण के लिए राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप (पाटलिपुत्र, हरिहरनाथपुर, मगध, मिथिला, कोसी, पुनरुन्देवी, अंग, तिरहुत, सारण, विक्रमशिला, सीतापुरम और देहरी) विकसित की जाएंगी, जिसके लिए HUDCO के साथ 1 लाख करोड़ रुपये का समझौता हुआ है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

लाल किले से लेकर मुजफ्फरपुर तक गूंजा आजादी का पर्व: डॉ. दिलीप जायसवाल ने मुजफ्फरपुर में किया ध्वजारोहण, बेघरों को सौंपा जमीन का अधिकार

मुजफ्फरपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर में राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग के साथ-साथ जनकल्याण की नई मिसाल देखने को मिली। जिला के प्रभारी मंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, सिकंदरपुर में भव्य समारोह के बीच ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस ऐतिहासिक पल के गवाह मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और आमजन बने।

सिकंदरपुर स्थित पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करते और राष्ट्रध्वज को सलामी देते प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल साथ में वरीय पुलिस अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी।

सिकंदरपुर स्टेडियम में फहरा तिरंगा, वीरों के बलिदान को किया याद

पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, सिकंदरपुर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि यह पावन दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और अद्वितीय बलिदान की याद दिलाता है, जिनके अदम्य साहस के बल पर हमें स्वतंत्र भारत का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने आह्वान किया कि आइए, हम सभी राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए पूरी तरह समर्पित होकर एक विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी-अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लें।

मुजफ्फरपुर समाहरणालय में ‘अभियान बसेरा’ के तहत भूमिहीन महिला लाभुक को वास भूमि का बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपते राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, साथ में जिलाधिकारी एवं अन्य गणमान्य।

अभियान बसेरा: 30 हजार भूमिहीन परिवारों की बदली किस्मत

स्वतंत्रता दिवस का यह अवसर मुजफ्फरपुर और पूरे बिहार के हजारों बेघर परिवारों के लिए नई रोशनी लेकर आया। मुजफ्फरपुर समाहरणालय में आयोजित विशेष समारोह में ‘अभियान बसेरा’ के तहत भूमिहीन परिवारों को वास भूमि का बंदोबस्ती पर्चा और प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

इस योजना के तहत पूरे राज्य में कुल 30,000 योग्य भूमिहीन परिवारों को उनकी अपनी जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया गया। मुजफ्फरपुर जिला स्तर पर आयोजित विशेष शिविर में लाभुकों को अपने हाथों से पर्चा सौंपते हुए मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह पहल समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित भविष्य और अपना आशियाना बनाने का आधार प्रदान करेगी।उन्होंने इस ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हृदय से आभार जताया।

नगर विधानसभा कार्यालय पर भी फहराया तिरंगा

मुख्य कार्यक्रमों के अलावा डॉ. दिलीप जायसवाल ने मुजफ्फरपुर नगर विधानसभा कार्यालय पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय सम्मानित जनों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश के विकास में एकजुट होकर योगदान देने की अपील की।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

एमडीडीएम कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस और स्थापना दिवस की दोहरी धूम: राष्ट्रभक्ति के सुरों से गूंजा परिसर, छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मुजफ्फरपुर: महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (एमडीडीएम कॉलेज) में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दोहरे उत्सव का उल्लास देखने को मिला। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ महाविद्यालय का स्थापना दिवस भी अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर पूरा परिसर देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया और छात्राओं के जोश तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

एमडीडीएम कॉलेज के संस्थापक महंत दर्शन दास एवं प्रथम महिला प्राचार्य डॉ. ललिता सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन करतीं प्रभारी प्राचार्य अनुराधा सिंह; तत्पश्चात समारोह को संबोधित करतीं।

संस्थापक और प्रथम प्राचार्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण समारोह का शुभारंभ भक्ति और सम्मान के वातावरण में हुआ। प्रभारी प्राचार्य अनुराधा सिंह ने महाविद्यालय के संस्थापक परम पूज्य महंत दर्शन दास तथा प्रथम महिला प्राचार्य डॉ. ललिता सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात ठीक पूर्वाह्न 9:30 बजे मुख्य प्रांगण में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।

एमडीडीएम कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहरातीं प्रभारी प्राचार्य अनुराधा सिंह। साथ में उपस्थित प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं छात्राएं।

तिरंगे के नीचे गूंजे देशभक्ति के तरानों से झूम उठा परिसर ध्वजारोहण के तुरंत बाद संगीत विभाग की छात्राओं ने सुमधुर स्वर में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। छात्राओं द्वारा गाए गए देशभक्ति गीतों से पूरा महाविद्यालय प्रांगण गुंजायमान हो उठा।

एनसीसी और एनएसएस की छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियां समारोह का मुख्य आकर्षण छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतात्मक नाट्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावविभोर कर दिया। वहीं, अंग्रेजी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा सलोनी कुमारी ने ‘मेरा देश रंगीला’ गीत पर ऐसा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए।

अपने कर्तव्य का निर्वहन ही असली देशभक्ति: अनुराधा सिंह स्वाधीनता दिवस के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य अनुराधा सिंह ने कहा, “देश है तो हम हैं। समाज और देश के प्रति अपने-अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही सबसे बड़ी और असली देशभक्ति है।” उन्होंने सभी छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभागाध्यक्ष राकेश रंजन ने अपने ओजस्वी और देशप्रेम की भावना से भरे अंदाज में किया।इस भव्य समारोह के अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक-प्राध्यापिकाएं, शिक्षकेतर कर्मचारीगण तथा हजारों की संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

ब्यूटी पार्लर के आड़ में चल रहे सेक्‍स रैकेट का पर्दाफाश, 2 नाबालिग बच्चियां मुक्त, 12 गिरफ्तार! अपहरण से सुलझी जिस्मफरोशी की गुत्थी,

कटही पुल रोड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 पार्लरों पर एक साथ छापा, कांप उठे जिस्म के सौदागर

मुजफ्फरपुर। जिला पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े और घिनौने नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। पुलिस की विशेष टीम ने ब्यूटी पार्लर की आड़ में चलाए जा रहे गंदे धंधे का भंडाफोड़ करते हुए कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान बंधक बनाकर रखी गईं 2 मासूम नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने सकुशल मुक्त करा लिया है। पुलिस ने मौके से 11 मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।

काजी मोहम्मदपुर और पानापुर करियात पुलिस की कस्टडी में गिरफ्तार आरोपी तथा पुलिस बल।

अपहृत बच्ची की तलाश से शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई

मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक मो. मोहीबुल्लाह अंसारी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के आदेशानुसार जिले में अपहृत व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में पानापुर करियात थाने में कांड संख्या 126/26 दर्ज किया गया था, जो एक नाबालिग बच्ची के अपहरण से जुड़ा था।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी कर रही थीं, जिसमें थानाध्यक्ष पानापुर करियात भी मुख्य रूप से शामिल थे।

नगर थाना एवं महिला थाना पुलिस की गिरफ्त में देह व्यापार गिरोह में शामिल आरोपी महिलाएं व बरामद सामग्री के साथ मौजूद पुलिस टीम।

आरोपी संजय शाह की गिरफ्तारी से खुला राज

अपहृत बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए गठित टीम लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने सबसे पहले सदर थाना क्षेत्र से आरोपी संजय शाह को गिरफ्तार किया। संजय शाह से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर काजी मोहम्मदपुर क्षेत्र से अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।

ब्यूटी पार्लर में बंधक बनाकर कराया जा रहा था गंदा काम

जब पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त और बरामद बच्ची से गहन पूछताछ की, तो रोंगटे खड़े कर देने वाली सच्चाई सामने आई। पूछताछ में पता चला कि बच्ची को एक ब्यूटी पार्लर में बंधक बनाकर रखा गया था और उससे जबरन अवैध देह व्यापार कराया जा रहा था।

संयुक्त पुलिस टीम का विशाल छापा

मामले की भयावहता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी संयुक्त टीम का गठन किया। इस संयुक्त टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी-1, टाउन-1, पानापुर करियात थाना, महिला थाना, नगर थाना और काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस बल को शामिल किया गया।

संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के इस धंधे में मुख्य रूप से संलिप्त माया देवी (मूल निवासी: थाना कोतवाली, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल; वर्तमान निवासी: काजी मोहम्मदपुर) और पूनम देवी (निवासी: थाना बलिगांव, वैशाली) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामग्रियां भी जब्त कीं। इसके साथ ही वहां बंधक बनाकर रखी गई एक अन्य नाबालिग बच्ची को भी पुलिस ने आज़ाद कराया।

कटही पुल रोड के 3 पार्लरों पर गिरी गाज

मुख्य आरोपी माया देवी से जब पुलिस ने पुलिसिया शैली में पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कतही पुल रोड स्थित पुराना धर्मशाला चौक के पास संचालित अलग-अलग 3 ब्यूटी पार्लरों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इन ठिकानों से पुलिस ने देह व्यापार के इस गिरोह में शामिल कुल 12 अभियुक्तों को दबोच लिया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह के अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||