निवेश के नए दौर में बिहार: 2.25 लाख करोड़ के करार, 31वें दिन डीम्ड अप्रूवल का दांव

एनटीपीसी, न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन, अडानी और टोरेंट समेत कई दिग्गजों से एमओयू; ऊर्जा व लॉजिस्टिक्स पर खास फोकस

पटना, 20 नवम्बर (विशेष संवाददाता): बिहार के औद्योगिक इतिहास में यह शुक्रवार एक यादगार दिन के रूप में दर्ज किया गया , जब 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश प्रस्तावों के साथ एमओयू (MOU) का आदान-प्रदान किया गया. राजधानी पटना के होटल मौर्या में उद्योग विभाग और ऊर्जा विभाग की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद’ और ‘एमओयू एक्सचेंज’ समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निवेशकों को खुले दिल से बिहार आने का न्योता दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि निवेशक बिहार पर विश्वास करें, उद्योग को बढ़ाएं और राज्य की प्रगति में अपना योगदान दें.

पटना के होटल मौर्या में आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद’ एवं ‘एमओयू एक्सचेंज’ समारोह के दौरान तालियां बजाकर निवेश प्रस्तावों का स्वागत करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, जबकि पीछे स्क्रीन पर नवादा जिले के एकतारा-पथरा पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (1,800 MW / 10,800 MWh) का विवरण दिख रहा है.

“जनता ही मालिक है, 31वें दिन स्वतः स्वीकृति मिलेगी”

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को नई रफ्तार दी जा रही है. उन्होंने ऐलान किया कि निवेश प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर स्वीकृति देने की व्यवस्था की जा रही है. यदि तय समय में निर्णय नहीं हुआ, तो 31वें दिन उसे स्वतः स्वीकृत  मान लिया जाएगा. सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का मकसद उद्यमियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से मुक्त कर निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाना है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जनता का राज है और जनता ही मालिक है, इसलिए सरकार जनता की उम्मीदों के मुताबिक काम करने को प्रतिबद्ध है.

2047 तक विकसित भारत की रीढ़ बनेगा बिहार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब विकसित भारत के निर्माण में बिहार की अहम भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में बिहार ने भारत को स्वर्ण युग दिया है और अब समय है कि ऐतिहासिक विरासत, प्रतिभा और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए औद्योगिक व आर्थिक विकास की नई इबारत लिखी जाए. राज्य सरकार का संकल्प बिहार को देश के सबसे तेज गति से औद्योगिक विकास करने वाले राज्यों में शामिल करना है.

पानी और जनसंख्या अब बनेंगे ताकत, गाद नीति पर काम

बिहार की दो बड़ी चुनौतियों—पानी और जनसंख्या—का जिक्र करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि इन्हें अब राज्य की ताकत में बदलने की कोशिश हो रही है. उत्तर बिहार की नदियों से निकलने वाली गाद के वैज्ञानिक प्रबंधन और निर्माण कार्यों में इसके इस्तेमाल पर काम चल रहा है, जिसके लिए गाद नीति बनाई गई है. इससे नदियों की गाद की समस्या दूर होगी और निर्माण कार्यों के लिए उपयोगी संसाधन मिलेंगे. साथ ही बाढ़ नियंत्रण के लिए नदियों के तटबंधों को ऊंचा और व्यवस्थित करने के कदम उठाए जा रहे हैं.

11,000 मेगावाट बिजली का समझौता, 1.92 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली

ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि बिजली क्षेत्र में लगभग 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है और 1.92 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है. बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए समारोह में 11,000 मेगावाट बिजली के लिए समझौता किया गया, जिस पर उन्होंने ऊर्जा विभाग को बधाई दी.

1 करोड़ नौकरियां और 1 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य

रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर दिए गए हैं. आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार व सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य तय किया गया है. इसके अलावा 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और 1 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं.

12 नई टाउनशिप, शिक्षा और पर्यटन को नई उड़ान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए परिवहन व लॉजिस्टिक्स का विकास किया जा रहा है. राज्य में 12 नई टाउनशिप बसाने की योजना है. बड़े शैक्षणिक संस्थानों को बिहार में आने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार बड़ा बाजार और प्रतिभाओं का केंद्र है. गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों के साथ माता सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी में भव्य विकास कार्यों से पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा.

पटना में आयोजित निवेश संवाद एवं एमओयू एक्सचेंज समारोह के दौरान तालियां बजाते हुए उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक और अन्य गणमान्य अतिथि.

किन कंपनियों ने कितने करोड़ के किए एमओयू?

समारोह में उद्योग विभाग, ऊर्जा विभाग और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को लेकर एमओयू का हस्तांतरण हुआ. प्रमुख संस्थानों और निवेश राशियों का विवरण इस प्रकार है:

संस्थान / कंपनी का नामनिवेश प्रस्ताव (करोड़ रुपये में)
एन०टी०पी०सी० लिमिटेड (NTPC Limited)70,000
न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लि070,000
फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया12,500
सी०टी०आर०एल०एस०10,000
रेनवियन (रामकी ग्रुप)10,000
अडानी हाइड्रो एनर्जी 7 लिमिटेड9,900
अडानी हाइड्रो एनर्जी 15 लिमिटेड9,900
टोरेंट एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस प्रा० लि7,684.94
ग्रीनको एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड5,400
SAEL इंडस्ट्रीज लिमिटेड4,000
सी०पी०ए० प्राइवेट लिमिटेड3,500
M/S रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्री लिमिटेड3,000
राणा होल्डिंग लिमिटेड3,000
बगमेनिया सेमीकॉन2,000
M/S किविसा ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड1,200

ये रहे प्रमुख मौजूद चेहरे

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया और अपने विभाग के निवेश प्रस्तावों की जानकारी दी, जबकि ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रस्तावों का ब्योरा रखा. समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बियाडा के प्रबंध निदेशक तथा सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार और उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, निवेशक व गणमान्य लोग मौजूद रहे.

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here