केपीएससी भर्ती घोटाले में ED का हंटर, 1.22 करोड़ की संपत्ति कुर्क, आईएएस और पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार!

बेंगलुरु: कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्तियों में चल रहे काले खेल का एक बड़ा पर्दाफाश हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की बेंगलुरु आँचलिक कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 1.22 करोड़ रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को अनंतिम रूप से कुर्क कर लिया है. यह कार्रवाई लोक सेवा परीक्षाओं में गहरे तक व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक सिंडिकेट की पोल खोलती है।

सांकेतिक (प्रतीकात्‍मक) तस्‍वीर

किन दिग्गजों पर कसा शिकंजा?

ईडी की इस बड़ी कार्रवाई के दायरे में केपीएससी के शीर्ष पद पर बैठे लोग और बड़े अधिकारी शामिल हैं। कुर्क की गई संपत्तियाँ जिन प्रमुख लोगों की हैं, उनमें निम्नलिखित शामिल हैं:

  • केपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष शिवशंकरप्पा साहूकार
  • केपीएससी की सदस्य गीता बी.वी. शिवमूर्ति
  • तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक (सीओई) एवं आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार

ऐसे चलता था नौकरियों का सौदा और पेपर लीक का खेल

जांच में खुलासा हुआ है कि केपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष, एक सदस्य और परीक्षा नियंत्रक ने बसराज कन्नले व अन्य के साथ मिलकर अपने आधिकारिक पदों का भारी दुरुपयोग किया। ये लोग अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी में निश्चित चयन का झांसा देकर उनसे भारी-भरकम अवैध रिश्वत वसूलते थे। इस गोरखधंधे को तीन मुख्य तरीकों से अंजाम दिया जाता था:

  1. सही उत्तर अंकित किए हुए प्रश्न-पत्र लीक करना
  2. अभ्यर्थी-विशिष्ट सही उत्तर कुंजी लीक करना
  3. 1:3 पात्रता सूची तैयार किए जाने के चरण में गोपनीय अंकों का दुरुपयोग करना

तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार ने 07.01.2026 को सही उत्तरों सहित प्रश्न-पत्र अपने करीबी सहयोगी बसराज कन्नले को लीक किए। इसके बाद बसराज कन्नले ने परीक्षा से ठीक एक दिन पहले यानी 08.01.2026 को बेंगलुरु के बाहरी इलाके के एक विला में 10 अभ्यर्थियों को ये प्रश्न-पत्र बांटे और प्रति अभ्यर्थी 20 लाख से 40 लाख रुपये तक की अवैध रिश्वत की मांग की। इस रिश्वत की एवज में कुछ रकम अग्रिम रूप से ली गई, जबकि बाकी रकम के एवज में अभ्यर्थियों से खाली हस्ताक्षर किए हुए चेक और वचन-पत्र गिरवी रखे गए।

नकद रिश्वत और करोड़ों के आभूषणों का खेल

घोटालेबाजों ने अवैध कमाई को छिपाने के लिए शातिर तरीके अपनाए। शिवशंकरप्पा साहूकार के आवास से एक नोटबुक जब्त की गई है, जिसमें परीक्षा केंद्र के अनुसार अभ्यर्थियों के पंजीकरण क्रमांक दर्ज हैं। इस सौदे के तहत शिवशंकरप्पा साहूकार ने एक अभ्यर्थी से 10 लाख रुपये और गीता बी.वी. ने एक अन्य अभ्यर्थी से 20 लाख रुपये नकद प्राप्त किए।

इस तरह जुटाई गई अवैध रकम को नकद और बैंक खातों के माध्यम से ठिकाने लगाया गया:

  • मेसर्स ओम लक्ष्मी सौहार्द सहकारी संघ नियमिता, भालकी (बीदर) और अन्य तीसरे पक्षों के खातों का इस्तेमाल किया गया।
  • फर्जी बचत खातों में प्रविष्टियां दिखाकर काले धन को छिपाया गया।
  • अपराध से अर्जित आय से 52.30 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण एक अन्य व्यक्ति के नाम पर खरीदे गए, जिनका असली लाभ ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार तक पहुँचाया जाना था।
  • इसके अलावा ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार, उनके परिवार के सदस्यों और मित्रों की 13.31 लाख रुपये की हवाई यात्रा का खर्च भी बसराज कन्नले द्वारा तीसरे पक्षों के खातों से चुकाया गया।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए ईडी ने इससे पहले पीएमएलए, 2002 की धारा 17 के तहत केपीएससी कार्यालय सहित कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की थी। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने सख्त कदम उठाते हुए:

  • 17.09.2026 को बसराज कन्नले को गिरफ्तार किया
  • 18.09.2026 को ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को गिरफ्तार किया
  • 06.10.2026 को शिवशंकरप्पा साहूकार एवं गीता बी.वी. शिवमूर्ति को गिरफ्तार किया

ईडी के अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे रैकेट की जड़ें काफी गहरी हैं और मामले में आगे की जाँच तेजी से जारी है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here