बंगाल की खाड़ी में ‘अकवान’ का तांडव! 110 किमी की रफ्तार से आ रहा गंभीर चक्रवाती तूफान, इधर बिहार में पारा लुढ़कने और कोहरे का अटैक शुरू

अरवल में पारा 11.8 डिग्री तक गिरा, भागलपुर में कोहरे से थमी रफ्तार; 21 नवंबर को दक्षिण बिहार के जिलों में बूंदाबांदी के आसार

पटना, 18 नवंबर 2026: बंगाल की खाड़ी में उठ रहे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने तटीय राज्यों में खतरे की घंटी बजा दी है, वहीं बिहार में भी मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना यह शक्तिशाली तूफान 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 20 नवंबर की दोपहर तक ‘अकवान’ मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा के तटों से टकराएगा। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिनके झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

बिहार में ठंड की दस्तक और कोहरे की मार भले ही चक्रवाती तूफान का सीधा खतरा आंध्र और ओडिशा पर मंडरा रहा है, लेकिन बिहार में पछुआ हवाओं और नमी के कारण रात के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। राज्य में सबसे अधिक ठंड अरवल में महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा औरंगाबाद में 12.4 डिग्री, राजगीर (नालंदा) में 12.9 डिग्री और गयाजी व डेहरी (रोहतास) में 13.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना द्वारा जारी अगले सात दिनों का न्यूनतम और अधिकतम तापमान पूर्वानुमान मानचित्र। मानचित्र में बैंगनी और नीले रंग से रंगे कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद जिलों में रात का पारा 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहकर सबसे अधिक ठंड रहने के संकेत दे रहा है।

वहीं, दिन के तापमान की बात करें तो भभुआ (कैमूर) 33.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर में पारा अधिकतम 26.4 और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय कोहरे ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भागलपुर में सबसे कम दृश्यता मात्र 300 मीटर दर्ज की गई, जिससे सुबह के वक्त यातायात प्रभावित रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा।

21 नवंबर को बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश के संकेत मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिक-डी डॉ. आनंद शंकर और ड्यूटी ऑफिसर नीरज चंद्र द्वारा जारी सात दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और कोई बड़ी चेतावनी (ग्रीन अलर्ट) नहीं है। हालांकि, सिक्किम और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और ‘अकवान’ के असर से 21 नवंबर को दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में मौसम करवट ले सकता है।

21 नवंबर को पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 22 से 24 नवंबर तक पूरे बिहार में मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here