दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित था कुख्यात, 2025 में समस्तीपुर कोर्ट हाजत से हुआ था फरार; हथियार और बाइक बरामद।
हाजीपुर (वैशाली): बिहार के वैशाली जिले में अपराध जगत के खिलाफ पुलिस ने एक बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कला पूर्वी स्थित मलमल्ला चौड़ इलाके में बीती रात्रि वैशाली पुलिस और एसटीएफ पटना की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 25 हजार रुपए का इनामी और दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित अंतरजिला कुख्यात अपराधकर्मी राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर पुलिस मुठभेड़ में गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गुप्त सूचना पर हुई घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर (पिता—चंद्रशेखर राम, ग्राम—दिग्घी कला पश्चिमी, थाना—सदर, जिला—वैशाली) किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर सदर थाना, वैशाली की पुलिस टीम और एसटीएफ पटना की संयुक्त टीम ने मलमल्ला चौड़ क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन वाहन जांच एवं छापेमारी शुरू की।

पुलिस पर की गई ताबड़तोड़ फायरिंग
घेराबंदी के दौरान खुद को घिरता देख कुख्यात अपराधी राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हंटर ने पुलिस टीम को लक्ष्य करते हुए जान मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ, नियंत्रित एवं विधि-सम्मत तरीके से जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ के दौरान अपराधी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया और इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया, जहां पुलिस निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

घटनास्थल से हथियार और वैज्ञानिक साक्ष्य बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की गहन छानबीन की गई। पुलिस ने मौके से अपराधी द्वारा प्रयुक्त एक पिस्टल, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा, घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं।

समस्तीपुर न्यायालय के हाजत से हुआ था फरार, दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल कुख्यात अपराधी के खिलाफ लूट, हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट, उत्पाद अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत लगभग दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। खास बात यह है कि वह वर्ष 2025 में पेशी के दौरान समस्तीपुर न्यायालय के हाजत से अपने सहयोगियों के साथ फरार होने के मामले में भी लंबे समय से फरार चल रहा था।

उसके खिलाफ सदर थाना, काजीपुर थाना, नगर थाना, महुआ थाना, जंदाहा थाना, बलिगांव थाना, वैशाली उत्पाद थाना, समस्तीपुर नगर थाना और कटिहार नगर थाना समेत विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। इस सफल संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि वैशाली पुलिस और एसटीएफ अपराधियों के खात्मे और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


