ताजपुर/समस्तीपुर (16 अक्टूबर 2026): दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी पारा अचानक चढ़ गया है। भाकपा माले के चुनाव मैदान में उतरने के साथ ही इस बार का मुकाबला बेहद रोचक और ऐतिहासिक मोड़ पर पहुँच गया है। शुक्रवार को भाकपा माले उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी ने ताजपुर प्रखंड क्षेत्र में समर्थकों के विशाल काफिले के साथ तूफानी जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं से प्रथम वरीयता का वोट देने की पुरजोर अपील की।

कॉलेजों और स्कूलों में पहुँचा माले का काफिला जनसंपर्क अभियान के दौरान उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी सीधे एलकेवीडी कॉलेज पहुँचे, जहाँ उन्होंने प्रोफेसरों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने मतदाताओं से बैलट पेपर के क्रम संख्या-3 पर प्रथम वरीयता का वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाने का आग्रह किया। इसके बाद वे समर्थकों के साथ मध्य विद्यालय ताजपुर एवं उच्च विद्यालय ताजपुर पहुँचे और शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संवाद कर समर्थन माँगा।

पुरानी पेंशन, स्थायी नौकरी और शिक्षा ही मुख्य एजेंडा जनसभा एवं जनसंपर्क के दौरान संदीप कुमार चौधरी ने विपक्ष और पूर्व के जनप्रतिनिधियों पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “अब तक यह चुनाव बिना किसी ठोस और जनहित के मुद्दों के लड़ा जाता रहा है, लेकिन भाकपा माले की उम्मीदवारी ने इस बार चुनाव का रुख पूरी तरह मोड़ दिया है। अब शिक्षा, रोजगार, पुरानी पेंशन और जनता के वास्तविक सवाल चुनाव के केंद्र में आ चुके हैं।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी प्राथमिकताएँ स्पष्ट हैं:
- बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का निर्माण करना।
- स्कूल और कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार करना।
- संविदा एवं मानदेय आधारित अस्थाई नियोजन को पूरी तरह खत्म कर नियमित बहाली की प्रक्रिया शुरू करना।
- कर्मचारियों के लिए ‘पुरानी पेंशन योजना’ को पुनः लागू कराना।
- ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाना।
- मिथिलांचल की चिरपरिचित बाढ़ और सुखाड़ की विभीषिका का स्थायी समाधान निकालना।

समर्थकों की भारी मौजूदगी इस अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मौके पर भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला चुनाव प्रभारी सह आइसा जिला सचिव सुनील कुमार, लोकेश कुमार, मोहम्मद सदरे आलम, मोहम्मद जावेद, भाकपा माले नेता रंजीत राम, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो तथा इंकलाबी नौजवान सभा (इनौस) से मोहम्मद एजाज सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

