पीएमसीएच में अब एक साथ 2500 मरीजों का होगा हाई-टेक इलाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने टावर-3 का किया भव्य उद्घाटन!

पटना, 12 अक्टूबर 2026:

बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा गया है। पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) पुनर्विकास योजना (फेज-1) के तहत नवनिर्मित अत्याधुनिक टावर-3 का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस नई व्यवस्था के बाद अब पीएमसीएच में एक साथ 2500 मरीजों का आधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ इलाज संभव हो सकेगा।

पीएमसीएच पुनर्विकास योजना (फेज-1) के तहत टावर-3 के पांचवें तल पर स्थित ‘पीकू’ (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आधुनिक सुविधाओं का बारीकी से लिया जायजा

उद्घाटन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित टावर-3 का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने भूतल पर कियोस्क और काउंटर के जरिए ओपीडी मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया, अल्पाहार गृह की व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने पांचवें तल पर पहुंचकर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) वार्ड का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, उपचार कक्ष, प्रतीक्षालय और प्रसवोत्तर वार्ड में जाकर मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।

22 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और रेडियोलॉजी विभाग

छठे तल पर स्थित 22 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और प्रथम तल पर बने अत्याधुनिक रेडियोलॉजी विभाग का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान उन्होंने टावर-3 के भूतल पर नन्हे बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण भी किया।

पीएमसीएच के नवनिर्मित टावर-3 का भव्य एवं अत्याधुनिक भूतल (ग्राउंड फ्लोर) परिसर, जहां मरीजों के पंजीकरण के लिए कियोस्क, काउंटर एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

अधिकारियों को कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल के सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए ताकि मरीजों को इलाज में कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि अस्पताल की नई सुविधाओं का रख-रखाव विश्वस्तरीय होना चाहिए और अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर समस्याओं का तुरंत समाधान करें।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख हस्तियां:

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया, वहीं स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉक्टर नवल किशोर चौधरी, बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन और पीएमसीएच के अधीक्षक डॉक्टर राजीव कुमार सिंह सहित अनेक वरीय अधिकारी व चिकित्सक मौजूद थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here