अकाली चौक लूटकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश: दो कुख्यात लुटेरे गिरफ्तार, लूटा हुआ मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद!

बोचहां/मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र स्थित अकाली चौक के पास 6 अगस्त 2026 को हुई बाइक सवार अपराधियों द्वारा लूटपाट की घटना का पुलिस ने सफल पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

बोचहां लूटकांड का सफल खुलासा करते ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर एवं पुलिस टीम की गिरफ्त में दो अभियुक्त।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के निर्देश पर सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर (एसडीपीओ) ईस्ट-1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में बोचहां थानाध्यक्ष और थाना के अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस टीम ने मैनुअल और टेक्निकल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करते हुए अज्ञात लुटेरों की पहचान की और घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

कटरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं गिरफ्तार लुटेरे

मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस वार्ता में बताया कि 6 अगस्त को अकाली चौक के पास तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बोचहां थाना कांड संख्या 228/26 दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधियों की पहचान कटरा थाना क्षेत्र निवासी श्रवण कुमार और राजा कुमार के रूप में हुई है।

पुराना आपराधिक इतिहास, पुलिस खंगाल रही अन्य मामले

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने आगे बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। ये दोनों आरोपी कटरा थाना क्षेत्र के कई आपराधिक मामलों में पूर्व से ही चार्जशीटेड हैं। पुलिस फिलहाल इनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि इनके गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके काम करने के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) का पता लगाया जा सके। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||   

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here