ताजपुर/समस्तीपुर। बिहार ग्रामीण बैंक, ताजपुर शाखा से साइबर धोखाधड़ी और खाते से अनधिकृत निकासी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बैंक के एक खाताधारक के खाते से बिना किसी सहमति या जानकारी के हजारों रुपये गायब हो गए हैं। इस घटना के बाद से क्षेत्र के बैंक ग्राहकों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताजपुर प्रखंड के भेरोखड़ा गांव निवासी प्रवीन्द कुमार महतो का खाता बिहार ग्रामीण बैंक की ताजपुर शाखा में है। पीड़ित प्रवीण कुमार महतो ने बताया कि उनके खाते से 19 जुलाई, 23 जुलाई, 24 जुलाई, 25 जुलाई और 24 अगस्त 2026 को मिलाकर कुल 30,700 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा लेन-देन पीड़ित की बिना अनुमति के हुआ।
जब प्रवीण कुमार महतो ने बैंक जाकर अपना बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, तब जाकर उन्हें इस बड़े फर्जीवाड़े की जानकारी मिली। पीड़ित ने आशंका जताई है कि उनके बैंक खाते और गोपनीय विवरणों का अनधिकृत उपयोग कर इस घटना को अंजाम दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित प्रवीण कुमार महतो ने समस्तीपुर साइबर क्राइम थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार ग्रामीण बैंक, ताजपुर शाखा के प्रबंधक को भी आवेदन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और उड़ाए गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है।

इधर, स्थानीय प्रतिनिधि सुरेंद्र प्रसाद सिंह और किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने भी इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने अंदेशा जताया कि इस तरह की फर्जी निकासी में बैंककर्मियों की संलिप्तता की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित खाताधारक को उसकी गाढ़ी कमाई की राशि जल्द से जल्द वापस कराने की मांग की है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि मामले का जल्द निष्पादन कर पीड़ित को न्याय नहीं मिला, तो स्थानीय स्तर पर बैंक शाखा के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

