पटना। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग (माध्यमिक शिक्षा कार्यालय) ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में एक बड़ा और महत्वपूर्ण संशोधन किया है। नए विभागीय आदेश के तहत अब शनिवार के दिन स्कूलों में ‘हाफ डे’ रहेगा और दोपहर 1:00 बजे ही विद्यार्थियों की छुट्टी हो जाएगी। शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर द्वारा 06 अगस्त 2026 को जारी इस आधिकारिक पत्र से छात्रों और शिक्षकों दोनों को बड़ी राहत मिली है।

सोमवार से शुक्रवार और शनिवार की नई समय-सारणी विभागीय आदेश (ज्ञापांक 1409) के अनुसार, पूर्व में निर्गत आदेश में आंशिक संशोधन किया गया है:
- सोमवार से शुक्रवार: विद्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक पूर्ववत संचालित होंगे।
- शनिवार (हाफ डे): विद्यालय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक खुलेंगे।

वर्ग 1 से 8 तक के लिए मध्याह्न भोजन और समय व्यवस्था प्राथमिक और मध्य विद्यालयों (वर्ग 1 से 8) में शनिवार को दोपहर 12:00 बजे तक कक्षाएं एवं पूर्व निर्धारित गतिविधियां संचालित होंगी। इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) दिया जाएगा। भोजन के उपरांत दोपहर 1:00 बजे छात्र-छात्राओं को छुट्टी दे दी जाएगी।
माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के नियम माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को दोपहर 1:00 बजे तक अध्यापन कार्य तथा पूर्व निर्धारित अन्य गतिविधियां संपन्न कराई जाएंगी, जिसके तुरंत बाद विद्यार्थियों को छुट्टी मिलेगी।

शिक्षकों के लिए प्रतिदिन का विशेष निर्देश विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिदिन कक्षा अवधि के क्रम में 01 घंटा शिक्षक एवं शिक्षिका द्वारा अगले दिन व सप्ताह की पाठ्य योजना (लेसन प्लान), मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अद्यतन, छात्रों के गृह कार्य की जाँच, प्रयोगशाला प्रबंधन एवं रिमेडियल क्लासेस (उपचारात्मक शिक्षण) जैसे कार्य किए जाएंगे। इन आवश्यक कार्यों को पूर्ण करने के बाद ही शिक्षक विद्यालय परिसर से प्रस्थान करेंगे।
विभाग के अनुसार शेष अन्य सभी शर्तें यथावत् रहेंगी तथा इस नए आदेश को सक्षम प्राधिकार का अनुमोदन प्राप्त है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


