पटना: गंगा नदी की उफनती धाराओं के बीच जीवन और जोखिम उठाकर सफर करने वाले दानापुर दियारा क्षेत्र के निवासियों के लिए बेहद राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) परिचालन सेवा का हरी झंडी दिखाकर धमाकेदार शुभारंभ किया। सरकार के इस कदम से दानापुर दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों की लगभग 66 हजार से अधिक की विशाल आबादी को सीधा फायदा पहुंचेगा। अब मॉनसून के दौरान उफनती गंगा को पार करना न केवल सुरक्षित होगा, बल्कि पूरी तरह मुफ़्त भी होगा।
अब नहीं थमेगी दियारा की रफ्तार: पीपा पुल हटने का डर खत्म

दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र से पटना आने-जाने के लिए गंगा नदी पर सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक ही पीपा पुल का संचालन किया जाता है। मॉनसून आते ही 15 जून के बाद पीपा पुल को हटा लिया जाता था, जिसके बाद दियारा की 6 ग्राम पंचायतों — पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर के लोगों के सामने आवागमन का भयंकर संकट खड़ा हो जाता था।
स्थानीय निवासियों को मजबूरी में असुरक्षित नावों का सहारा लेना पड़ता था। लेकिन अब यह निःशुल्क स्टीमर फेरी सेवा मॉनसून के दौरान इन 66 हजार लोगों के लिए वरदान साबित होगी।

किसानों, दूध उत्पादकों और कर्मचारियों को मिलेगा सीधा फायदा
इस सेवा से केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि दियारा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी जबरदस्त गति मिलेगी:
- व्यापार और कृषि को संजीवनी: दियारा के किसानों, सब्जी और फल उत्पादकों तथा दुग्ध विक्रेताओं को अपनी उपज और कृषि उत्पादों को पटना के बड़े बाजारों तक पहुंचाना काफी आसान हो जाएगा। इससे स्थानीय व्यापार को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
- कर्मचारियों और शिक्षकों की राह हुई आसान: दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 553 शिक्षक एवं कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके अलावा 95 आंगनबाड़ी केंद्रों की 190 सेविका-सहायिकाएं, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्रों के स्वास्थ्य कर्मी और पंचायत कार्यालयों के कर्मी रोज गंगा पार करते हैं। अब ये सभी बिना किसी आर्थिक बोझ और बिना किसी खतरे के अपने कार्यस्थल तक पहुंच सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जाना यात्रियों का हाल
शुभारंभ समारोह के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने स्टीमर फेरी परिचालन सेवा की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं स्टीमर में सवार होकर उसका सूक्ष्म निरीक्षण किया और यात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। दियारा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने फूल-मालाओं तथा पुष्पगुच्छ से सभी अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


