मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड परिसर स्थित अंबेडकर सभागार में शुक्रवार को एक बेहद भावुक और गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सकरा के पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार को तीन वर्षों के सफल कार्यकाल के बाद भावभीनी विदाई दी गई। वहीं, दूसरी ओर नव पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार वर्मा ने आधिकारिक तौर पर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर प्रखंड के तमाम जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रखंड कर्मियों ने दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र, बुक्के, गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

वक्ताओं ने की बेदाग कार्यकाल की सराहना
समारोह की अध्यक्षता मुखिया संघ के अध्यक्ष इंद्रभूषण सिंह अशोक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख नूर आलम और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड उप-प्रमुख मदन प्रसाद सिंह उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पूर्व बीडीओ मनोज कुमार के लगभग 3 वर्षों के कार्यकाल की जमकर सराहना की। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनके कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में विकास योजनाओं को नई गति मिली और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के बीच हमेशा एक बेहतर समन्वय स्थापित रहा।

विदाई गीत सुन भावुक हुए लोग
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब बंधुआ मुक्ति मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रिंकू कुमारी ने एक मर्मस्पर्शी विदाई गीत प्रस्तुत किया। उनके इस भावपूर्ण गीत ने सभागार में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखें नम कर दीं। गीत समाप्त होते ही पूरा सभागार काफी देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

इस गरिमापूर्ण समारोह में जिला परिषद सदस्य (क्षेत्र संख्या 51) से सुरेश प्रसाद यादव, जिला परिषद सदस्य (क्षेत्र संख्या 53) से अनिल कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सविता कुमारी, बीपीआरओ दिग्विजय नारायण सिन्हा, मुखिया सच्चिदानंद ठाकुर, अवधेश प्रसाद सिंह, दिनेश पुष्पम सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत सचिव, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में प्रखंड कर्मी उपस्थित रहे।

एससी एसटी कर्मचारी संघ ने विजन वैली हॉल में किया भव्य विदाई समारोह
प्रखंड मुख्यालय के मुख्य कार्यक्रम से पूर्व, एक अन्य भव्य विदाई समारोह का आयोजन एससी एसटी कर्मचारी संघ सकरा द्वारा विजन वैली हॉल में किया गया। इस कार्यक्रम में भी दर्जनों भावुक गीतों की प्रस्तुति के साथ पूर्व बीडीओ मनोज कुमार को विदाई दी गई और उन्हें अंगवस्त्र, बैग व अन्य उपहार भेंट किए गए।
मैं बाबा साहेब के कारवां का छोटा सिपाही: मनोज कुमार
विजन वैली हॉल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए निवर्तमान बीडीओ मनोज कुमार काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा:
“मैं बोधिसत्व भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ। मेरे सम्मान में इस भव्य कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए हमारी रिंकू दीदी और उनकी पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद। हम लोग बाबा साहेब के कारवां के एक छोटे से सिपाही और आपके भाई-बंधु हैं। एक कुशल प्रशासक बनने के लिए सामाजिक पृष्ठभूमि, आप सबका सहयोग और सरकारी दिशा-निर्देशों का तालमेल जरूरी होता है।”

उन्होंने आगे कहा, “प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण एक निरंतर प्रक्रिया है। यहां आने में जितलाल जी का बहुत आग्रह और प्रयास रहा था, जिनसे मुझे हमेशा अपनापन मिला। रिंकू दीदी से मेरा संबंध प्रोफेशनल से पर्सनल हो गया, वे मेरी बड़ी दीदी की तरह रहीं। चंद्रभूषण जी ने हमेशा बड़े भाई की तरह ख्याल रखा। अधिकारी के रूप में हमारी सबसे बड़ी कमाई यही होती है कि हम अपना पूरा काम समय के अनुसार करते हुए पूरी तरह बेदाग होकर यहां से जाएं। सकरा में जो प्यार-मोहब्बत मुझे मिला, वह अतुलनीय है। आपके इस प्यार को मेरा सलाम है।”
आपके रूप में हमें गार्जियन मिला था: राजेश राम
कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए समाजसेवी राजेश राम ने कहा:
“सर को विदा करने में तकलीफ जरूर है, लेकिन इस बात की बेहद खुशी है कि वे पूरी तरह बेदाग और सम्मान के साथ जा रहे हैं। उन्होंने सकरा में अच्छे काम किए, अच्छे नाम कमाए और वे हमेशा लोगों के दिलों में बसे रहेंगे। हमारा बहुजन समाज अक्सर अधिकारियों से बात करने में सकुचाता है, लेकिन सर ने हमेशा ऐसे लोगों को हिम्मत दी। जब वे यहां अधिकारी बनकर आए थे, तो हमें लगा कि ब्लॉक में हमारा कोई गार्जियन बैठा है। सीना गर्व से चौड़ा होता था कि कोई भी दिक्कत होगी तो सर संभाल लेंगे। मैं ईश्वर से कामना करता हूँ कि वे भविष्य में और बड़े अधिकारी बनकर पुनः मुजफ्फरपुर जिला में आएं।”

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर एससी एसटी कर्मचारी संघ सकरा के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, प्रखंड महासचिव चंद्रभूषण, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार दास, जिला सचिव अवधेश कुमार पासवान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इनके अलावा शिक्षक जीत लाल राम, संजय कुमार चंचल, वार्ड पार्षद उदय कुमार, भीम आर्मी प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, लक्ष्मी पासवान, भूषण कुमार, संगीता कुमारी, माहेश्वरी देवी, चंद्रकला देवी, सुनीला देवी, अनुराधा देवी, सीमा देवी सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

