मुजफ्फरपुर: बाबा गरीबनाथ की पावन धरती मुजफ्फरपुर से उत्तर बिहार के विकास को एक नई दिशा और नया विश्वास मिला है। मुजफ्फरपुर जिले के एमआईटी मैदान में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा बुडको द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास का एक नया इतिहास रच दिया। मुख्यमंत्री ने एक साथ 1047.09 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस भव्य कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने मंच से सीधे तौर पर घोषणा की कि विकसित बिहार के बिना विकसित भारत का सपना कभी पूरा नहीं हो सकता। बिहार के 12 जिलों में पटना के कंकड़बाग की तर्ज पर अत्याधुनिक सैटेलाइट सिटी विकसित की जाएगी, जिससे शहरीकरण को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके।

रैपिड रेल, एक्सप्रेस-वे और तिरहुत टाउनशिप से चमकेगा उत्तर बिहार : मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर और पूरे उत्तर बिहार के लिए कनेक्टिविटी के मोर्चे पर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने बताया कि पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल कॉरिडोर परियोजना पर तेजी से काम जारी है। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर से एक्सप्रेस-वे गुजरेगा और हल्दिया-रक्सौल हाईवे जैसी महापरियोजनाएं धरातल पर उतरने के लिए तैयार हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तर बिहार न केवल बेहतर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा, बल्कि यह क्षेत्र विकास, भारी निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार का नया केंद्र बनकर उभरेगा। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की आधुनिक जरूरतों को देखते हुए तिरहुत टाउनशिप और मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को लेकर भी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

एमआईटी में खुलेगा आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय : शिक्षा के क्षेत्र में मुजफ्फरपुर को एक ऐतिहासिक सौगात देते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एमआईटी मुजफ्फरपुर में एक नए और समर्पित आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय को स्थापित करने का बड़ा ऐलान किया। इस ऐतिहासिक कदम से उत्तर बिहार के छात्रों को तकनीकी शिक्षा के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा और यह संस्थान तकनीकी शिक्षा का एक बड़ा हब बनेगा।

सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण, बनी मुजफ्फरपुर की नई पहचान : इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सिकंदरपुर लेक फ्रंट पहुंचकर 213.25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई विश्वस्तरीय परियोजना का भव्य लोकार्पण किया। आकर्षक फव्वारों, आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था एवं मनमोहक कलाकृतियों से सुसज्जित यह नवनिर्मित लेक फ्रंट अब मुजफ्फरपुर की नई पहचान और आधुनिक बिहार के बदलते स्वरूप का एक बड़ा प्रतीक बनेगा। यह परियोजना स्थानीय पर्यटन को भी एक नई दिशा प्रदान करेगी। इस महा-आयोजन के दौरान मंच पर तथा निरीक्षण के समय गणमान्य हस्तियों में विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

