प्रेम सिंह गहलावत, नंदकिशोर प्रसाद और आरएन ठाकुर के निधन को बताया अपूरणीय क्षति
ताजपुर/समस्तीपुर: वामपंथी आंदोलन और किसान-मजदूरों के हक की आवाज बुलंद करने वाले तीन महान नेताओं के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर में अखिल भारतीय किसान महासभा (अभाकिम) और भाकपा माले कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह सभा दिवंगत अभाकिम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कॉमरेड प्रेम सिंह गहलावत, भाकपा माले के पूर्व राज्य सचिव कॉमरेड नंदकिशोर प्रसाद सिंह तथा ऐक्टू के राज्य महासचिव कॉमरेड आरएन ठाकुर की पावन स्मृति में बुलाई गई थी। सभा की शुरुआत में वहां उपस्थित सैकड़ों लोगों ने 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेताओं को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन नजर आया।

शोषितों और वंचितों के लिए समर्पित रहा पूरा जीवन सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की। वहीं बतौर मुख्य अतिथि सभा को संबोधित करते हुए अभाकिम के जिला सचिव ललन कुमार ने कहा कि इन तीनों महान नेताओं का आकस्मिक निधन वामपंथी आंदोलन, किसान-मजदूर संघर्ष तथा संगठन के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अपने जीवन का एक-एक पल शोषित, वंचित और मेहनतकश वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उनके द्वारा किए गए संघर्ष, उनके क्रांतिकारी विचार और संगठन निर्माण में उनके योगदान को इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में याद रखा जाएगा।

अधूरे सपनों को पूरा करने की खाई कसम श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करने वाले अन्य प्रमुख वक्ताओं में किसान महासभा के नेता ललन दास, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, शिवन सिंह, रवींद्र प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, संजीव राय, मुंशीलाल राय तथा कैलाश सिंह शामिल थे। सभी वक्ताओं ने एक सुर में दिवंगत नेताओं के अधूरे सपनों को पूरा करने और किसान-मजदूर आंदोलन को और अधिक धारदार व मजबूत बनाने का दृढ़ संकल्प लिया। इस मौके पर भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय किसान एवं मजदूर उपस्थित रहे, जिन्होंने नम आंखों से अपने नेताओं को नमन किया।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

