पटना के बीचों-बीच पिता के सामने बेटी के अपहरण के प्रयास पर भड़के प्रशांत किशोर; बोले— जंगलराज का डर दिखाकर वोट लेने वालों के मुंह पर यह करारा तमाचा है!
पटना। मुख्य संवाददाता
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने सूबे के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। पटना के पॉश इलाके में एक होटल के कमरे से पिता के सामने उनकी बेटी को अगवा करने की कोशिश की सनसनीखेज घटना पर प्रशांत किशोर का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर सरकार की नीयत और ‘लॉ एंड ऑर्डर’ के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं।

“गरीबों पर बुलडोजर चलाना आसान, रसूखदारों के आगे घुटने क्यों?”
प्रशांत किशोर ने सीधे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए कहा कि गरीबों के आशियाने पर बुलडोजर चलाना बहुत आसान काम है। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा, “सम्राट चौधरी को बताना चाहिए कि जिन गरीबों के घर पर उन्होंने बुलडोजर चलवाए हैं, तो भैया आज उस होटल पर बुलडोजर क्यों नहीं चल रहा है? अगर वाकई हिम्मत है, तो उस होटल पर बुलडोजर चलाकर दिखाइए, तब जनता को समझ में आएगा कि बिहार में कितना लॉ एंड ऑर्डर बचा है।”
ये उसी पुराने ‘जंगलराज‘ की आहट है!
सरकार की नीतियों पर हमला जारी रखते हुए PK ने कहा कि यह घटना उन लोगों के मुंह पर एक करारा तमाचा है जो खुद ‘जंगलराज’ का डर दिखाकर जनता से वोट बटोरते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज बिहार में फिर से उसी पुराने जंगलराज की आहट साफ सुनाई दे रही है, जब लोग सुनते थे कि दिनदहाड़े इस तरह के खौफनाक कुकृत्य होते थे।
“पटना के बीचों-बीच, रात के वक्त एक होटल के कमरे से किसी की बेटी को खींचने की कोशिश की जाती है, और सरकार सोई हुई है। यह बेहद शर्मनाक और खौफनाक स्थिति है।” > — प्रशांत किशोर, संस्थापक (जन सुराज)
इस बयान के बाद बिहार की सियासत में भूचाल आना तय माना जा रहा है। अब देखना यह है कि प्रशांत किशोर की इस ‘बुलडोजर चुनौती’ पर सत्ताधारी दल और सम्राट चौधरी की तरफ से क्या पलटवार आता है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||



