चीनी मिल, पेपर मिल और जूट मिल की बदहाली पर फूटा जनता का गुस्सा; दूधपूरा हवाई अड्डे को फिर चालू करने की उठी पुरजोर मांग, सड़क पर उतरे जिले के सभी दिग्गज नेता।
समस्तीपुर, 5 जून 2026: जिले के आर्थिक और औद्योगिक वजूद को बचाने के लिए अब जनता ने सीधे सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। “समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा” के बैनर तले शुक्रवार को पूरे शहर में एक व्यापक और आक्रामक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान ने शहरवासियों को एकजुट कर आने वाले दिनों में एक बड़े जनांदोलन का शंखनाद कर दिया है। मोर्चा ने दो टूक एलान किया है कि आगामी 15 जून 2026 को जिलाधिकारी (DM) कार्यालय के समक्ष एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
औद्योगिक मौत के कगार पर समस्तीपुर, युवाओं में भारी गुस्सा अभियान के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए मोर्चा के शीर्ष नेताओं ने आरोप लगाया कि समस्तीपुर के विकास की रीढ़ माने जाने वाले महत्वपूर्ण संस्थान वर्षों से बंद पड़े हैं, लेकिन शासन-प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। इसके कारण जिले का आर्थिक ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है और स्थानीय व्यापार ठप होने की कगार पर है।

मोर्चा ने सरकार के सामने रखीं ये 4 बड़ी मांगें:
- वर्षों से बंद पड़ी ऐतिहासिक समस्तीपुर चीनी मिल को अविलंब दोबारा चालू किया जाए।
- जिले के औद्योगिक गौरव ठाकुर पेपर मिल का पुनरुद्धार कर उत्पादन शुरू हो।
- मरणासन्न स्थिति में पहुंच चुकी प्रसिद्ध मुक्तापुर रामेश्वर जूट मिल को बचाने के लिए विशेष पैकेज और विस्तार की गारंटी दी जाए।
- उपेक्षा का शिकार बने दूधपूरा हवाई अड्डा का जीर्णोद्धार कर इसे हवाई परिचालन के लिए फिर से सक्रिय किया जाए।
नेताओं ने कहा कि इन मिलों और हवाई अड्डे के चालू होने से न सिर्फ हजारों स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि जिले के समग्र विकास का रास्ता खुलेगा। लंबे समय से चल रही उपेक्षा के कारण जनता के भीतर सुलग रहा गुस्सा अब ज्वालामुखी बनकर फटने को तैयार है। मोर्चा ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक इन मांगों पर ठोस और धरातलीय पहल नहीं होती, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

आंदोलन की कमान थामे ये : इस महा-अभियान में मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, उपेंद्र राय, जीतेंद्र कुशवाहा, दीनबंधु प्रसाद, माकपा के सत्यनारायण सिंह, रघुनाथ राय, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, परमानंद मिश्र, राजद के राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, मनोज राय समेत पिंकू पासवान, सुरेंद्र राम, राजकुमार महतो, शाहीद हुसैन, शंभू राय, जगदीश प्रसाद यादव, रामनारायण राय, सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर प्रसाद साह, अशोक कुमार राय, रंजीत कुमार सिंह समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


