लूट की नियत से घूम रहा कुख्यात अपराधी देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा गया, महिला से चैन-पर्स छिनतई का भी खुलासा

बरियारपुर/मुजफ्फरपुर: बरियारपुर थाना पुलिस की मुस्तैदी और सक्रिय गश्ती के चलते क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। मंगलवार सुबह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़ा गया अभियुक्त पूर्व में भी कई संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

सुबह-सुबह लूट की ताक में था अपराधी

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-02, मुजफ्फरपुर) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 28 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6:00 बजे बरियारपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की टी-शर्ट और सफेद-नीले रंग की जींस पहने हुए संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और किसी बड़ी घटना या लूटपाट की फिराक में है।

तस्वीर: बरियारपुर थाना पुलिस हिरासत में पकड़ा गया हथियारबंद अपराधी अभिषेक कुमार (पीछे मुंह ढके हुए) और घटना की जानकारी देते अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-02) मनोज कुमार सिंह एवं पुलिस टीम (पीएसआई नीलमणि कुमार व अन्य)।

सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना की गश्ती टीम, जिसका नेतृत्व पीएसआई नीलमणि कुमार कर रहे थे, सशस्त्र बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस बल को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे खदेड़कर धर दबोचा गया।

तलाशी में मिला अवैध हथियार

पकड़े गए व्यक्ति से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम अभिषेक कुमार, पिता लक्ष्मी सिंह, निवासी ग्राम कोठिया, थाना बंगरा, जिला समस्तीपुर बताया। जब पुलिस टीम ने उसकी विधिवत तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार और कारतूस के संबंध में जब उससे वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी व न्यायिक हिरासत की कार्रवाई शुरू कर दी।

महिला से चैन व पर्स छिनतई मामले में किया अपना अपराध स्वीकार

पुलिस जांच और पूछताछ में पकड़े गए बदमाश अभिषेक कुमार ने बड़ा खुलासा किया है। इसी माह की 2 तारीख (2 जुलाई) को बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्गी फार्म के पास एक महिला से पिस्तौल के बल पर सोने की चैन और पर्स लूट लिया गया था। इस छिनतई की घटना में तीन अपराधी शामिल थे, जिसमें अभिषेक कुमार भी एक था। उसने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार (कन्फेस) कर ली है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उस कांड में शामिल एक अन्य अभियुक्त पहले से ही न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। महिला के लूटे गए सामान के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि सामान अभी बरामद नहीं हुआ है। अपराधियों ने सामान कहीं खपा दिया है या संभवतः तीसरे फरार आरोपी के पास है। पुलिस तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लूटे गए सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है।

दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पूर्व से 5 विभिन्न आपराधिक कांड दर्ज हैं। इनमें से समस्तीपुर जिले के विभिन्न थानों में 4 मामले दर्ज हैं, जबकि सकरा-मुरौल थाना क्षेत्र में भी 1 मामला दर्ज है। पुलिस इन सभी मामलों में आरोपी के खिलाफ कड़ा कानूनी शिकंजा कस रही है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here