राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर देश भर में गूंजा बापू का संदेश, भव्य समारोहों में दी गई श्रद्धांजलि!

नई दिल्ली/पटना/समस्तीपुर:

अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरा देश श्रद्धा और भक्ति के सागर में डूब गया। राजधानी नई दिल्ली से लेकर बिहार की राजधानी पटना और समस्तीपुर तक विशेष आयोजनों का तांता लगा रहा। देश के शीर्ष नेतृत्व से लेकर आम जनता तक ने बापू और शास्त्री जी को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने विजय घाट और राजघाट पर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विजय घाट पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात, प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचकर बापू को नमन किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बापू का शाश्वत संदेश हमें एक बेहतर समाज और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन देता रहे। प्रधानमंत्री ने सत्य, अहिंसा और प्रेम के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया।

पटना में आयोजित समारोह के दौरान बापू की प्रतिमा के समक्ष नमन करते गणमान्य अतिथि।

पटना के गांधी मैदान में भव्य राजकीय समारोह, बापू टावर का द्वितीय स्थापना दिवस

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गांधी जयंती के अवसर पर एक भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान परम श्रद्धेय महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं बापू टावर के द्वितीय स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ कर अतिथियों ने संबोधित किया। इस दौरान बापू की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया गया, ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली का विधिवत शुभारंभ हुआ और विशेष पत्रिका ‘सत्याग्रह’ का विमोचन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सत्य, अहिंसा और प्रेम के बापू के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुँचाना हम सभी का मुख्य संकल्प है।

समस्तीपुर के स्टेशन चौक पर स्थापित गांधी प्रतिमा के समीप राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते हुए मोर्चा के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक।

समस्तीपुर में समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा और रेल विस्तार-विकास मंच द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित

उधर, समस्तीपुर जिला विकास संघर्ष मोर्चा एवं रेल विस्तार-विकास मंच के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को शहर के स्टेशन चौक स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती बेहद श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा गांधीजी के सबसे प्रिय भजनों में शामिल “रघुपति राघव राजा राम” का सामूहिक गायन किया। पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर हो गया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सामाजिक न्याय के आदर्श आज के दौर में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, और उनके विचार समाज को हमेशा सही दिशा प्रदान करते रहेंगे।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में निम्नलिखित लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:

राकेश कुमार ठाकुर, शंकर साह, संतोष कुमार निराला, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, विश्वनाथ सिंह हजारी, शत्रुघ्न राय पंजी, शाहीद हुसैन, शत्रुघन यादव, जयलाल राय, रामाशीष राय, राम विनोद पासवान, लक्ष्मण साह एवं बृजनंदन राय सहित अन्य गणमान्य लोग।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here