पटना: सिविल सेवा परीक्षा-2025 (UPSC 2025) में सफलता का परचम लहराकर देश भर में बिहार का मान बढ़ाने वाले होनहार अफसरों का पटना में जमावड़ा लगा। पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी सफल अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनसे सीधी बातचीत की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी नवचयनित अधिकारियों को उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके सुनहरे भविष्य की कामना की। उन्होंने दो टूक कहा कि सिविल सेवा जैसी देश की सबसे कठिन परीक्षा में बिहार के युवाओं का यह शानदार प्रदर्शन पूरे प्रदेश के लिए बेहद गर्व की बात है। बिहार के युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और बुलंद हौसलों से एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा के मामले में उनका कोई मुकाबला नहीं है।

“देश में कहीं भी रहें, मातृभूमि का कर्ज न भूलें”
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सफल अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए एक भावुक और बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आप ऑल इंडिया सर्विस के तहत देश के किसी भी कोने में तैनात रहें और अपनी सेवाएं दें, लेकिन अपनी मातृभूमि बिहार के प्रति अपने कर्तव्यों को कभी न भूलें। अपनी जन्मभूमि का कर्ज चुकाना हर नागरिक का फर्ज है। विकसित बिहार के निर्माण और राज्य की प्रगति को नई रफ्तार देने में इस नई पीढ़ी का योगदान सबसे निर्णायक साबित होगा। इन युवा अफसरों की प्रशासनिक क्षमता, नए विचार और अनुभव राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ बिहार के कायाकल्प में मील का पत्थर साबित होंगे।

शिक्षा से लेकर उद्योग तक, राज्य में होगा बड़ा बदलाव
संवाद के दौरान सम्राट चौधरी ने राज्य की भावी योजनाओं का खाका भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि बिहार के हर प्रखंड (Block) में डिग्री कॉलेज की व्यवस्था की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को घर के पास ही उच्च शिक्षा मिल सके। इसके अलावा स्कूली शिक्षा को पूरी तरह हाइटेक बनाया जा रहा है। मॉडल स्कूल, लाइव क्लासेस और NEET-JEE जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाएं सरकारी स्तर पर दी जा रही हैं। छात्रों को 24 घंटे ऑनलाइन मार्गदर्शन मिले, इसके लिए भी आधुनिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बिहार अब सिर्फ पारंपरिक व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं रहेगा। आईटी , आधुनिक टाउनशिप और उद्योगों को बढ़ावा देकर राज्य में निवेश और रोजगार के नए दरवाजे खोले जा रहे हैं। नेपाल से आने वाले पानी का बेहतर वाटर मैनेजमेंट कर सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और बिहार के बड़े उपभोक्ता बाजार का GST के जरिए लाभ उठाने पर भी काम चल रहा है।
अंत में सम्राट चौधरी ने सभी नवचयनित अफसरों से पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का आह्वान किया।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


