मुजफ्फरपुर (विशेष प्रतिनिधि): मुजफ्फरपुर जिले के पूर्वी अनुमंडल अंतर्गत बंदरा प्रखंड स्थित अति प्राचीन बाबा खगेश्वरनाथ धाम को राज्य के पर्यटन मानचित्र से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से इस शिवधाम के विकास और इसे पर्यटन सर्किट में शामिल करने का अनुरोध किया जा रहा है।
इसी क्रम में बंदरा प्रखंड के महेशपुर (पोस्ट तेपरी, थाना पियर) निवासी एवं रतवारा ढोली घाट पुल निर्माण समिति के प्रखर नेता एवं समाजसेवी डा. श्याम किशोर ने बिहार सरकार के जन शिकायत पोर्टल पर पर्यटन विभाग को संबोधित करते हुए एक आवेदन दर्ज कराया है।

नेपाल और पड़ोसी राज्यों से भी आते हैं श्रद्धालु
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बंदरा प्रखंड के मतलपुर क्षेत्र में स्थित बाबा खगेश्वरनाथ धाम अत्यंत प्राचीन स्थल है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यहाँ सालों भर मुजफ्फरपुर सहित बिहार के अन्य जिलों, पड़ोसी राज्यों तथा नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए आते हैं। सावन माह और महाशिवरात्रि के अवसर पर यहाँ श्रद्धालुओं का बड़ा जमावड़ा रहता है।
पर्यटन सर्किट में शामिल करने की मांग
श्याम किशोर ने अपने आवेदन में लिखा है कि बाबा खगेश्वरनाथ धाम को पर्यटन सर्किट से जोड़ने के लिए काफी समय से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि इस धाम को जल्द से जल्द पर्यटन सर्किट में शामिल किया जाए तथा परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक सरकारी सुविधाएं, जैसे विश्रामागार, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और पक्की सड़कों का निर्माण कराया जाए।

अधिकारियों को भेजा गया मामला
जन शिकायत पोर्टल पर आवेदन दर्ज होने के बाद इसे तिरहूत डिवीजन के मुजफ्फरपुर (ईस्ट) उप-डिवीजन अंतर्गत पर्यटन विभाग से संबंधित मामले के रूप में पंजीकृत किया गया है।
आवश्यक विभागीय कार्रवाई के लिए इस आवेदन को एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (एल1 अधिकारी) को अग्रसारित (फॉरवर्ड) कर दिया गया है। आवेदन पर संज्ञान लिए जाने के बाद स्थानीय लोगों में यह उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


