20 की उम्र से ज्यादा 40 में दिखेगा लचीलापन, बीमारियों की अब खैर नहीं; देश भर में योग की दिखी अद्भुत धूम
विशेष संवाददाता नई दिल्ली/पटना/मुजफ्फरपुर, 21 जून 2026
आज पूरे देश सहित विश्व भर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की ऐसी धूम दिखी जिसने हर किसी को ऊर्जा से भर दिया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर देश के कोने-कोने में युवाओं और आम जनता ने एक साथ कदम ताल करते हुए योगाभ्यास किया। इस बार की थीम ‘365 योग फॉर हेल्दी एजिंग’ के तहत उम्र को मात देने और निरोगी काया पाने का महासंकल्प लिया गया।
जबलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का महासंदेश: ब्रह्मांडीय चेतना से जुड़ने का माध्यम है योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित एक विशाल सामूहिक योग प्रदर्शन में भाग लिया। आंखें बंद कर ध्यान की मुद्रा में बैठीं राष्ट्रपति ने पूरे विश्व को शांति का संदेश दिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा:
“योग व्यक्ति को आत्मा से, समाज को प्रकृति से, और मानवता को विशाल ब्रह्मांडीय चेतना से जोड़ने का एक शक्तिशाली माध्यम है। जब विश्व अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब योग मानवता को शांति, संतुलन, सामंजस्य और सामूहिक कल्याण की ओर निर्देशित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।”
उन्होंने देश के हर नागरिक से अपील की कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।
कोलकाता के रेड रोड पर पी एम नरेंद्र मोदी का धमाकेदार आह्वान: 40 की उम्र में 20 जैसा लचीलापन लाएगा योग!
कोलकाता के रेड रोड पर आज सुबह एक असाधारण और अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों लोगों के साथ योग किया। विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों और आम लोगों के बीच पहुंचे प्रधानमंत्री ने बढ़ती उम्र को थामने और स्वस्थ रहने का एक नया मंत्र फूंक दिया।
इस बार की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ पर जोर देते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा:
“हमारा लक्ष्य यह होना चाहिए कि 40 वर्ष की आयु में हम 20 वर्ष की आयु की तुलना में अधिक लचीले हों। हमारा लक्ष्य यह होना चाहिए कि 50 वर्ष की आयु में हम 30 वर्ष की आयु की तुलना में अधिक ऊर्जावान हों। हमारा लक्ष्य यह होना चाहिए कि 70 वर्ष की आयु में हम 50 वर्ष की आयु की तुलना में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति अधिक प्रतिरोधक क्षमता रखते हों।”

पटना में सी एम सम्राट चौधरी का हुंकार: विकसित बिहार के निर्माण के लिए जन-जन का संकल्प बने योग
बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और योगासनों का अभ्यास किया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि योग भारत की सनातन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज संपूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की इस महान धरोहर को अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर है। उन्होंने बिहारवासियों से अपील की, “आइए, योग को जन-जन का संकल्प बनाकर स्वस्थ, समृद्ध एवं विकसित बिहार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।”
एमआईटी मुजफ्फरपुर में युवाओं का महाकुंभ: 150 से अधिक स्वयंसेवकों ने लिया 365 दिन योग का संकल्प
मुजफ्फरपुर के मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) परिसर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य और ऐतिहासिक नजारा दिखा। मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) एवं एमआईटी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं का भारी सैलाब उमड़ा। जिला के विभिन्न प्रखंडों से आए माई भारत के 150 से अधिक युवा क्लबों के स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।

प्राचार्य और अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमआईटी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिथिलेश कुमार झा, विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार, जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान और सहायक प्रशाखा अधिकारी चन्देश्वर पाण्डेय उपस्थित रहे। योग शिक्षक जन्मेजय कुमार ने सभी को कठिन और स्वास्थ्यवर्धक योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
एमआईटी के प्राचार्य प्रो. मिथिलेश कुमार झा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और एकाग्रता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान ने फिट और सकारात्मक जीवन के लिए प्रतिदिन योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन एक स्वस्थ और समृद्ध भारत के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसे सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने अपनी पूरी जान लगा दी।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

