मुजफ्फरपुर (सकरा): मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सकरा थाना क्षेत्र से करीब डेढ़ साल पहले रहस्यमय तरीके से गायब हुई एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही इस पूरे अपहरण कांड में संलिप्त मुख्य आरोपी (प्रेमी) को भी पुलिस ने कानपुर में ही धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी बालिग बताया जा रहा है, जिसने नाबालिग को अपने जाल में फंसाया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के ‘स्पेशल 20′ अभियान का बड़ा असर
मामले की पूरी जानकारी देते हुए पूर्वी-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनोज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि वर्तमान में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), मुजफ्फरपुर के कड़े निर्देशन में जिले भर में अपहृत युवक-युवतियों की बरामदगी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस की एक विशेष टीम लगातार तकनीकी इनपुट खंगाल रही थी।

क्या है पूरा मामला?
घटना की शुरुआत साल 2024 के आखिर में हुई थी। दिनांक 18 दिसंबर 2024 को सकरा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की अचानक अपने घर से गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सकरा थाना कांड संख्या 635/24 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।
वक्त बीतता गया और मामला करीब डेढ़ साल पुराना हो गया, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी। तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को सटीक इनपुट मिला कि अपहृत लड़की और उसे भगा ले जाने वाला युवक दोनों उत्तर प्रदेश के कानपुर में अपनी पहचान छिपाकर रह रहे हैं।

कानपुर में पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक‘
सटीक सूचना मिलते ही सकरा थाने की पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए उत्तर प्रदेश के कानपुर में छापेमारी की। पुलिस ने वहां घेराबंदी कर न सिर्फ नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद किया, बल्कि मौके से आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।
प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या दोनों नाबालिग हैं? तो SDPO मनोज कुमार सिंह ने साफ किया कि लड़की नाबालिग है जबकि उसे भगाकर ले जाने वाला लड़का बालिग है। पुलिस अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है, वहीं नाबालिग को कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस कामयाबी के बाद से पीड़िता के परिवार ने राहत की सांस ली है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


