गया जी बनेगा नया औद्योगिक केंद्र, महाशक्ति ग्रुप और उद्योग विभाग के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर
पटना, 30 जुलाई 2026: बिहार में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से गया जी जिले में 6000 करोड़ रुपये का एकीकृत इस्पात (लार्ज इंटीग्रेटेड स्टील) प्रोजेक्ट स्थापित होने जा रहा है। इस संबंध में पटना स्थित लोक सेवक आवास के संकल्प सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में उद्योग विभाग और महाशक्ति ग्रुप के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए और उनका आदान-प्रदान किया गया।
हर साल 1.5 मिलियन टन इस्पात उत्पादन का लक्ष्य
प्रस्तावित परियोजना के तहत न्यूनतम 6000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस एकीकृत इस्पात संयंत्र की तैयार इस्पात उत्पादन क्षमता 1.0 से 1.5 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) होगी। इस संयंत्र के चालू होने से राज्य में इस्पात उत्पादन बढ़ेगा और अर्थव्यवस्था को सहारा मिलेगा।

रोजगार के अवसर और छोटे उद्योगों को बढ़ावा
इस परियोजना से गया जी सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे। इसके साथ ही राज्य में सहायक और लघु उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण दे रही बिहार सरकार: सम्राट चौधरी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार राज्य में उद्योग लगाने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। निवेशकों को अच्छी आधारभूत संरचना, पारदर्शी नीतियां और त्वरित प्रशासनिक सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (बिआडा), उद्योग विभाग और निवेशक संस्थाओं के मिले-जुले प्रयासों से यह परियोजना तय समय सीमा के भीतर पूरी होगी।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
एमओयू हस्ताक्षर के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता उपस्थित थे। इसके अलावा महाशक्ति ग्रुप की ओर से अनमोल लोढ़ा और विष्णु नाथ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


