पटना, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर रविवार को पटना स्थित किशोर कुणाल मेमोरियल पार्क में एक विशेष एवं भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सीमांत मुख्यालय पटना एवं 40वीं वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जहाँ देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद सहायक कमांडेंट किशोर कुणाल की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में एसएसबी के अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर और सलामी देकर अमर शहीद को नमन किया। इस अवसर पर भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एवं सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल ने शहीद किशोर कुणाल के राष्ट्र एवं बल के प्रति अदम्य समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
महानिरीक्षक ने शहीद के माता-पिता से की मुलाकात, किया पौधारोपण
श्रद्धांजलि सभा के दौरान महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल ने शहीद किशोर कुणाल के माता-पिता एवं परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान पार्क परिसर में स्मृति स्वरूप महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल और शहीद के माता-पिता द्वारा संयुक्त रूप से पौधारोपण भी किया गया, ताकि शहीद की स्मृति सदैव हरी-भरी बनी रहे।

कारगिल के अमर वीरों को शत-शत नमन
सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय पटना की ओर से मातृभूमि की रक्षा हेतु कारगिल युद्ध में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों का साहस, पराक्रम और अटूट त्याग राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनका यह सर्वोच्च बलिदान आने वाली हर पीढ़ी को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संदेश
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर संदेश जारी कर वीरों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक विजय का पर्व नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और अटूट राष्ट्रभक्ति का अमर स्मरण है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कारगिल के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए भारतीय सेना के शौर्य की सराहना की।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||



