मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ली दीक्षांत और पारण परेड की सलामी; महिला वाहिनी का दिखा बेमिसाल शौर्य, नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करेंगे जवान; मानदेय बढ़कर हुआ 1121 रुपये
पटना। बिहार की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 5000 नए गृह रक्षकों (होमगार्ड) का भव्य दीक्षांत एवं पारण परेड समारोह अत्यंत उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक गरिमामयी समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर परेड का निरीक्षण किया और जांबाज जवानों की सलामी ली। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी सहित गृह विभाग और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी उपस्थित रहे।

परेड के दौरान नवनियुक्त होमगार्ड जवानों ने जिस उत्कृष्ट अनुशासन और हुनर का प्रदर्शन किया, उसने उपस्थित जनसैलाब को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से जवानों द्वारा जलते हुए छल्ले (अग्नि चक्र) के बीच से छलांग लगाने के हैरतअंगेज और जांबाज प्रदर्शन ने मैदान में मौजूद सभी लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। महिला टुकड़ियों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया, जिसे देखकर मुख्य मंच पर बैठे अतिथियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं।
अपराधियों को छोड़ना होगा बिहार, मिली खुली छूट: सम्राट चौधरी
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हुंकार भरी कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, “बिहार के लोगों को सुरक्षित रखना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चाहे वह पुलिस के जवान हों या होमगार्ड के, सबका दायित्व बिहार को सुरक्षित रखना है। सरकार ने पुलिस प्रशासन को पूरी खुली छूट दे रखी है, अपराधियों को हर हालत में बिहार छोड़ना ही होगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में वरिष्ठ अधिकारियों को यथास्थान नमन करते हुए कहा, “समारोह में उपस्थित बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री, वरिष्ठ साथी आदरणीय विजय चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, बिहार के डीजीपी विनय कुमार, इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन करने वाली डीजी शोभा ओहतकर, गृह सचिव कुंदन कुमार, एडीजी सुरक्षा संजय कुमार सिंह और यहां उपस्थित तमाम होमगार्ड के साथी गण। यह अपने आप में एक अनोखा प्रदर्शन था। जिस तरह गृह रक्षा वाहिनी के स्ट्रेंथनिंग (मजबूतीकरण) का काम लगातार चल रहा है, उससे स्पष्ट है कि बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री चाहते हैं कि विकसित भारत बने और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा था, इस सपने को साकार करने में बिहार पुलिस और होमगार्ड के जवानों का सबसे महत्वपूर्ण रोल होने जा रही है। उन्होंने कहा कि 45000 गांवों वाले इस बिहार में 13 करोड़ जनता की सुरक्षा के लिए 1 लाख से अधिक होमगार्ड और लाखों पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। वर्तमान में होमगार्ड जवानों को दी जा रही ट्रेनिंग अब अर्धसैनिक बलों (पैरामिलिट्री फोर्सेस), बीसैफ और कमांडो के समकक्ष पहुंच चुकी है, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

चुनावी हिंसा का खात्मा और मानदेय में बंपर वृद्धि
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पहले चुनावों में सिर्फ हिंसा ही हिंसा होती थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड 110000 के आसपास सिर्फ होमगार्ड को लगाया गया था और बिहार में एक भी रिपोल (पुनर्मतदान) नहीं हुआ। बिहार विधानसभा चुनाव में भी लगभग 44000 होमगार्ड को तैनात कर अर्धसैनिक बलों को सहयोग दिया गया। जवानों के कल्याण पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि 3 सितंबर 2025 के पहले बिहार में होमगार्ड जवान को प्रतिदिन मात्र 734 रुपये दिया जाता था, जिसे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार और तत्कालीन वित्त विभाग (जो स्वयं सम्राट चौधरी देखते थे) ने बढ़ाकर 1121 रुपये प्रतिदिन करने का काम किया ताकि जवानों के परिवारों में खुशहाली आ सके।

एनडीए सरकार तीन चीजों से कभी समझौता नहीं करती: विजय चौधरी
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने जवानों की मेधा और अनुशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “हमारी एनडीए सरकार की घोषित नीति है कि वह तीन चीजों से कभी समझौता नहीं करती—अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता। इन तीनों को नियंत्रित रखने में पुलिस और उसके सहायक के रूप में गृह रक्षा वाहिनी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।” उन्होंने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह रक्षा वाहिनी में रिक्तियों को पारदर्शी प्रक्रिया से भरने और प्रशिक्षण के स्तर को ऊंचा उठाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था, जिसका परिणाम आज गांधी मैदान में साफ दिख रहा है। महिला टुकड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अब बिहार में अपराधियों की खैर नहीं है।
डीजी शोभा ओहतकर ने दिलाई कर्तव्य निष्ठा की शपथ
समारोह के दौरान गृह रक्षा वाहिनी की महानिदेशक (डीजी) शोभा ओहतकर ने सभी 5000 नवनियुक्त होमगार्ड जवानों को देश सेवा, अनुशासन और कर्तव्य निष्ठा की गोपनीयता की शपथ दिलाई। जवानों ने शपथ ली कि वे अपने वरीय अधिकारियों के आदेशों का अक्षरों में पालन करेंगे और कर्तव्य पथ पर कभी भी पीछे नहीं हटेंगे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


