विस्तार से खबर:
वैशाली: जिले में इन दिनों आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने के लिए वैशाली पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जंदाहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक बड़े लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल 6 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के इस कड़े रुख से अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरी घटना:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 19 अक्टूबर को चक सिकंदर (बिदुपुर) निवासी मुस्लिम खलीफा जब जंदाहा थाना क्षेत्र के नरहरपुर से लक्ष्मणपुर जा रहे थे, तभी नीम ओवरब्रिज के पास एक निर्जन स्थान पर बाइक सवार 3 अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की। अपराधी उनके पास से मोबाइल और नकदी छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में जंदाहा थाने में कांड संख्या-476/26 दर्ज किया गया था।
एसएसपी का बयान और पुलिस की कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और जंदाहा थाना की पुलिस शामिल थी। पिछले 10 दिनों से लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूत्रों के आधार पर पुलिस इस गिरोह की टोह ले रही थी। जांच के दौरान पुलिस उस लूटे तक जा पहुंची, जहां मोबाइल बेचा गया था।

पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। ये लोग छीने या चोरी किए गए 15 से 20 हजार रुपये तक के महंगे मोबाइल को मात्र 2.5 से 3 हजार रुपये में, बिना किसी पहचान पत्र या रसीद के, कुछ दुकानदारों और दलालों के माध्यम से तुरंत बेच देते थे।
कई अन्य मामलों का भी हुआ उद्भेदन:
गिरफ्तार मुख्य आरोपी जितेन्द्र कुमार उर्फ गीदड़ ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हाल के महीनों में कई वारदातों को अंजाम दिया है:
- 28 अक्टूबर: महुआ थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से 1.5 लाख रुपये और मोटरसाइकिल लूट (कांड संख्या-1202/26)।
- 07 अक्टूबर: पातेपुर थाना क्षेत्र में 80 हजार रुपये की लूट (कांड संख्या-474/26)।
- 10 अगस्त: राजा पाकर थाना क्षेत्र में 30 हजार रुपये और मोबाइल लूट (कांड संख्या-362/26)।
- 19 अगस्त: राजा पाकर थाना क्षेत्र में 22 हजार रुपये और मोबाइल लूट (कांड संख्या-371/26)।

इसके अलावा सह-अपराधकर्मी सुभाष कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ बलिगांव थाने में आर्म्स एक्ट (कांड संख्या-159/24) और पातेपुर थाने में लूट का मामला (कांड संख्या-388/24) दर्ज है तथा वह पहले भी जेल की सजा काट चुका है।
बरामदगी:पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 6 मोबाइल, 1 लूटी गई मोबाइल, 7 अन्य मोबाइल, 1 मोटरसाइकिल और लूट की राशि में से 8,650 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम एवं पता:
- जितेन्द्र कुमार उर्फ गीदड़, प्राणपुर, थाना तिसौता, जिला वैशाली
- राजू सहनी, प्राणपुर, थाना तिसौता, जिला वैशाली
- चंदन कुमार, बड़डीहा, थाना पातेपुर, जिला वैशाली
- अंकित कुमार, छितरौली, थाना महुआ, जिला वैशाली
- सुभाष कुमार, प्राणपुर, थाना तिसौता, जिला वैशाली
- दीपक कुमार, परमानंदपुर चकदारा, थाना महुआ, जिला वैशाली

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

