हाजीपुर (वैशाली): जिले में साइबर ठगों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हाजीपुर के दामोदर नगर सेक्टर-ए, अदलपुर निवासी ललितेश्वर प्रसाद से जुड़ा है, जिन्हें साइबर अपराधियों ने एक फर्जी व्हाट्सएप लिंक के जरिए अपनी ठगी का शिकार बनाया और उनके बैंक खाते से कुल 6,50,000 रुपये उड़ा लिए।
अचानक हुई इस भारी-भरकम राशि की ठगी से पीड़ित के होश उड़ गए। घटना के बाद पीड़ित द्वारा वैशाली साइबर थाना में न्याय की गुहार लगाई गई, जिसके आधार पर साइबर थाना कांड संख्या-45/25 दर्ज किया गया।

वैशाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई आई रंग
मामला दर्ज होने के बाद वैशाली साइबर थाना की पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों (टेक्निकल सेल) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। लगातार तकनीकी अनुसंधान और सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप, साइबर ठगों द्वारा ठगे गए पैसों में से 1,75,212 रुपये की राशि सुरक्षित वापस रिकवर कर आवेदक ललितेश्वर प्रसाद के खाते में वापस करा दी गई है।

पुलिस की इस सफलता के बाद पीड़ित के चेहरे पर कुछ राहत जरूर आई है, वहीं साइबर थाना पुलिस अन्य ठगी गई शेष राशि की बरामदगी और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए आगे की जांच में जुटी हुई है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


