दरभंगा स्नातक चुनाव में माले का शंखनाद: ‘डिग्री तो मिल रही पर दाखिला गायब, युवाओं के हक और शिक्षा के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई!’

15 अक्टूबर 2026। समस्तीपुर ।  

देश और राज्य में युवा पीढ़ी शिक्षा, रोजगार, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए लगातार सड़कों पर संघर्ष कर रही है। जिन ज्वलंत सवालों को लेकर युवा आज आंदोलनरत हैं, उन्हीं मुद्दों को भाकपा माले ने दरभंगा स्नातक विधान परिषद चुनाव में अपना मुख्य एजेंडा बनाया है। यह बात भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ ने गुरुवार को समस्तीपुर शहर के मालगोदाम चौक स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

समस्तीपुर के मालगोदाम चौक स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते विधायक संदीप सौरभ, साथ में मौजूद दरभंगा स्नातक क्षेत्र के उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी एवं अन्य नेता।

शिक्षा व्यवस्था पर करारा हमला

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक संदीप सौरभ ने राज्य सरकार की शिक्षा नीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार भले ही शिक्षा में सुधार का कितना भी ढोल पीट ले, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इंटर पास करने के बाद भी बिहार में 33 प्रतिशत छात्र-छात्राएं डिग्री कॉलेजों में नामांकन से वंचित रह जाते हैं। पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) की पढ़ाई केवल गिने-चुने कॉलेजों में ही सिमट कर रह गई है, जिसके कारण बहुसंख्यक छात्रों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए राज्य से बाहर रुख करना पड़ता है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य के स्कूलों से लेकर कॉलेजों तक में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। लाइब्रेरी और लैबोरेटरी जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। वित्तरहित कॉलेजों में शिक्षकों को महज 5 से 10 हजार रुपये के मामूली वेतन पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है। नियोजित शिक्षक आज भी कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं और तमाम विरोधों के बावजूद सरकार लगातार संविदा पर बहालियां कर रही है। संदीप सौरभ ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव किसी की सरकार बनाने या गिराने का नहीं है, बल्कि भाकपा माले जनता के असल मुद्दों पर यह चुनाव लड़ रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे दरभंगा स्नातक क्षेत्र से भाकपा माले समर्थित उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी को प्रथम वरीयता का वोट देकर विजयी बनाएं।

 ‘छात्रों के अधिकार और रोजगार के लिए जारी रहेगा संघर्ष’

दरभंगा स्नातक क्षेत्र से भाकपा माले समर्थित उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि दरभंगा विधान परिषद एक विशाल चुनावी क्षेत्र है, जहां वोटर बनाने की प्रक्रिया काफी जटिल रखी गई है। उन्होंने कहा कि वे बीते कई वर्षों से ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्रों के अधिकारों और हित के लिए निरंतर संघर्ष करते रहे हैं।

संदीप कुमार चौधरी ने कहा कि आज राज्य के छात्र और युवा शिक्षा, रोजगार, बढ़ती महंगाई, स्कूल-कॉलेजों में बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी, संविदा पर बहाली और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। अदालतों में वकीलों के लिए वकालतखाने तक का अभाव है। सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो करती है, लेकिन जब रिक्त पदों पर वैकेंसी निकालने की बात आती है तो पीछे हट जाती है।

उन्होंने स्थिति को उजागर करते हुए बताया कि बिहार में करीब 1 लाख छात्र इंटर पास करते हैं, जबकि ग्रेजुएशन के लिए महज 10 हजार के आसपास सीटें ही उपलब्ध हैं। इसके कारण छात्रों को मनचाहा विषय नहीं मिल पाता और मजबूरी में उन्हें बाहर जाना पड़ता है। भाकपा माले ने इन्हीं सभी जनमुद्दों को चुनावी मैदान में उतारा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मुद्दों की राजनीति करने वाली भाकपा माले को अपना प्रथम वरीयता का वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।

प्रेस वार्ता में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

मालगोदाम चौक स्थित जिला कार्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाकपा माले जिला सचिव उमेश कुमार, चुनाव प्रभारी सुनील कुमार, ललन कुमार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह समेत कई अन्य प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दरभंगा स्नातक क्षेत्र से भाकपा माले प्रत्याशी संदीप कुमार चौधरी का ताजपुर में मोटरसाइकिल जुलूस से ताबड़तोड़ जनसंपर्क कल!

ताजपुर (समस्तीपुर): दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। भाकपा माले समर्थित स्नातक उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी शुक्रवार, 16 अक्टूबर को ताजपुर प्रखंड के विस्तृत दौरे पर रहेंगे। चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मोड़ने और स्नातक मतदाताओं को एकजुट करने के उद्देश्य से यह व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विशाल अभियान शुक्रवार सुबह 10:30 बजे ताजपुर स्थित एल के भी डी कॉलेज प्रांगण से शुरू होगा। यहाँ से समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं का काफिला पूरे ताजपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर मतदाताओं से सीधा संवाद कायम करेगा।

इस जनसंपर्क अभियान को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रूप से सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। भाकपा माले, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), और इंकलाबी नौजवान सभा (इनौस) के साथ-साथ स्थानीय आम नागरिकों, युवाओं और स्नातकों से अपनी-अपनी मोटरसाइकिल के साथ एल के भी डी कॉलेज परिसर में ससमय पहुंचने की अपील की गई है।

संगठन के नेताओं का कहना है कि संदीप कुमार चौधरी स्नातकों के अधिकार, रोजगार और शैक्षणिक सुधारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने वाले उम्मीदवार हैं। इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक स्नातक मतदाता तक पहुंचकर उनका समर्थन और आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा। इस विशाल मोटरसाइकिल जुलूस और जनसंपर्क अभियान को लेकर युवाओं और स्नातकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here