नई दिल्ली । शंघाई के वैश्विक मंच पर भारतीय युवाओं द्वारा रचा गया इतिहास अब देश के कोने-कोने में एक नया जुनून बन चुका है। ‘वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026’ में भारतीय दल के धमाकेदार प्रदर्शन और उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई यादगार मुलाकात ने देश भर के युवाओं में कौशल और हुनर का ऐसा जज्बा जगाया है कि आवेदनों की बाढ़ आ गई है। इसी अभूतपूर्व जनसैलाब और हजारों अभ्यर्थियों के अनुरोध को देखते हुए कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने ‘इंडिया स्किल्स 2026-27’ के लिए पंजीकरण विंडो को 19 अक्टूबर 2026 तक फिर से खोलने का बड़ा फैसला लिया है।

शंघाई में रचा इतिहास, विश्व में 10वें स्थान पर पहुंचा भारत
चीन के शंघाई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत ने अब तक का अपना सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। देश के 70 प्रतियोगियों के सबसे बड़े दल ने 63 कौशल स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए दुनिया भर में 10वां स्थान हासिल किया। भारतीय धुरंधरों ने 6 रजत पदक और 20 उत्कृष्टता पदक (मेडलियन फॉर एक्सीलेंस) अपने नाम किए। वर्ष 2024 के ल्योन सम्मेलन में 13वें स्थान पर रहने वाले भारत ने इस बार लंबी छलांग लगाते हुए पूरी दुनिया को अपनी तकनीकी व व्यावसायिक ताकत का अहसास कराया है।

7 लोक कल्याण मार्ग पर मिली नई ऊर्जा
इस ऐतिहासिक सफलता के बाद 9 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर शंघाई से लौटे विजेता दल के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। प्रधानमंत्री के साथ हुई इस प्रेरणादायक बातचीत ने पूरे देश के युवाओं में एक नई तरंग पैदा कर दी। इस मुलाकात के तुरंत बाद विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और देश भर के अभ्यर्थियों से इंडिया स्किल्स में हिस्सा लेने के लिए आवेदनों का तांता लग गया।

4 लाख के पार पहुंचा आंकड़ा, 19 अक्टूबर तक अंतिम मौका
मंत्रालय के अनुसार, इंडिया स्किल्स 2026-27 के लिए अब तक रिकॉर्ड 4 लाख से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। जो योग्य युवा किसी वजह से पहले आवेदन करने से चूक गए थे, वे अब 19 अक्टूबर 2026 तक ‘स्किल इंडिया डिजिटल हब‘ (एसआईडीएच) के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।

63 क्षेत्रों में हुनर दिखाने का राष्ट्रीय मंच
कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय की देखरेख तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के कार्यान्वयन में आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की सीढ़ी है। इसमें विनिर्माण, इंजीनियरिंग, निर्माण, डिजिटल प्रौद्योगिकी, रचनात्मक उद्योग और सेवा क्षेत्र जैसी 63 उद्योग-संबंधी श्रेणियों को शामिल किया गया है। जिला, क्षेत्रीय, राज्य, प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तरों से गुजरते हुए चयनित विजेताओं को देश के शीर्ष विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया जाएगा।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

