डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि:  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत दिग्गजों ने आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन!

पटना, 12 अक्टूबर 2026: महान समाजवादी चिंतक एवं प्रखर नेता स्वर्गीय डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी पटना में राजकीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराया।

पटना में महान समाजवादी नेता डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभरी श्रद्धांजलि अर्पित करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री शीला कुमारी एवं अन्य गणमान्य लोग।

राजकीय समारोह के दौरान सत्ता और संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, अधिकारियों तथा सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। सभी ने लोहिया जी के विचारों को याद करते हुए उनकी प्रतिमा पर श्रद्धापुष्प अर्पित किए।

दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि: इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, तथा विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी मौजूद रहीं। इनके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक श्याम रजक, विधायक संजय कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, पूर्व विधायक सतीश कुमार, तथा पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

प्रशासनिक अधिकारी भी रहे उपस्थित: समारोह में प्रशासनिक महकमे की ओर से मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (पटना प्रक्षेत्र) जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर: समारोह के दौरान सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही कलाकारों ने राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र गान, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों का सुरीला गायन कर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here