हाजीपुर/मुजफ्फरपुर: हाजीपुर स्थित पुलिस केंद्र के प्रशिक्षण स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया जब तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुमार कुशवाहा अचानक समीक्षा बैठक करने पहुंच गए। वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में डीआईजी ने ट्रेनिंग ले रहे मधेपुरा जिला बल के कुल 149 रंगरूटों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शारीरिक क्षमता और अनुशासन की कड़ाके से क्लास ली।

गलतियों पर जीरो टॉलरेंस, सीधे संवाद में सुनीं समस्याएं : समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा ने सीधे ग्राउंड पर उतरकर प्रशिक्षणरत जवानों से बातचीत की। उन्होंने जवानों के दिनचर्या, दैनिक अनुभवों, शारीरिक अभ्यास और ट्रेनिंग के दौरान सामने आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी जुटाई। डीआईजी ने साफ शब्दों में हिदायत दी कि ट्रेनिंग के दौरान सामान्य गलतियों को भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ही असली पहचान : जवानों को कड़ा मार्गदर्शन देते हुए डीआईजी ने कहा कि एक कुशल, संवेदनशील और सख्त पुलिसकर्मी बनने के लिए प्रशिक्षण के हर पहलू को गंभीरता से आत्मसात करना अनिवार्य है। उन्होंने जवानों को निर्देश दिया कि वे शारीरिक दक्षता के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल और निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें। उन्होंने बल दिया कि भविष्य में पुलिस सेवा की भारी-भरकम जिम्मेदारियों को निष्ठा और तत्परता से निभाने के लिए खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत तैयार करें।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


