मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के मछही गांव में बीती रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अपराधियों ने आपसी बातचीत के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए उसका गला रेत दिया, जिससे इलाके में कोहराम मच गया है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सहमे हुए हैं।

आधी रात को हुई खूनी वारदात घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-02, मुजफ्फरपुर, मनोज कुमार सिंह ने प्रेस मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि कल दिनांक 4/10/26 की रात्रि करीब 11:30 से 12:00 बजे के आसपास सकरा थाना क्षेत्र के मछही गांव स्थित पोखर के पास सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। उस दौरान गांव के ही तीन लड़के—देवन राज (उर्फ गोलू), मुन्ना और सचिन आपस में बैठकर बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान उसी गांव का एक अन्य युवक बमबम, जिसके पिता का नाम अर्जुन महतो है, वहां बाइक पर सवार होकर आया। किसी पुरानी बात या आपसी विवाद को लेकर उसने अचानक देवन राज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में देवन राज की गर्दन पर गंभीर चोट आई और उसका गला रेत दिया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। बीच-बचाव करने के दौरान मुन्ना भी घायल हो गया।

निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा युवक घायल अवस्था में देवन राज उर्फ गोलू को तत्काल मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। अत्यधिक खून बह जाने और गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों द्वारा उसकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बमबम (पिता – अर्जुन महतो) की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।


अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

