मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित उमा मार्केट के कन्हाई कम्युनिकेशन नामक दुकान पर पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई फर्जी आधार कार्ड बनाने और जाली दस्तावेजों के आधार पर विदेशी नागरिकों (विशेषकर बांग्लादेशी नागरिकों) का पासपोर्ट बनवाने के गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।
छापेमारी और गिरफ्तारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दुकान पर अवैध रूप से दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर थाना पुलिस और विशेष टीम ने कन्हाई कम्युनिकेशन दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से साहिल कुमार, थाना- केसरिया, जिला- पूर्वी चंपारण, वर्तमान पता- वार्ड नं. 26, ठाकुर नर्सिंग होम के पास, कलमबाग चौक, थाना- काजीमोहम्मदपुर, जिला- मुजफ्फरपुर) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 2019 से इस दुकान पर कार्य कर रहा है और आधार कार्ड बनाने व ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन से संबंधित कार्य संभालता है।

इसके बाद आगे की जांच और निशानदेही पर शिव कुमार पंडित (पिता- भगुनाथ पंडित, निवासी- टरवा मगरपाल, थाना- दरियापुर, जिला- छपरा) को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि शिव कुमार पंडित बोरिंग कैनाल रोड स्थित एक एजेंसी में आधार ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था और यूआईडीएआई (UIDAI) मशीन का उपयोग कर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने व अपडेट करने का काम ,करता था। उसने अन्य व्यक्तियों के माध्यम से यूआईडीएआई सिस्टम का उपयोग साइबर कैफे संचालकों को उपलब्ध कराने की भी बात स्वीकार की है।

बांग्लादेशी नागरिक के पासपोर्ट का कनेक्शन
दुकान से बरामद मोबाइल और ई-मेल की तकनीकी जांच के दौरान एक पासपोर्ट संख्या यू2185640 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी। जांच में यह बात सामने आई कि उक्त पासपोर्ट के लिए गलत सूचनाओं और जाली दस्तावेजों के आधार पर एक बांग्लादेशी नागरिक के नाम से आवेदन कर पासपोर्ट निर्गत कराया गया था। पुलिस इस मामले के अन्य लिंक्स की तलाश में जुटी है।

बरामदगी की कुल सूची
पुलिस ने छापेमारी और गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित अवैध सामग्रियां बरामद की हैं:
- मोबाइल फोन- 03
- लैपटॉप- 02
- अंगूठे का क्लोन- 01
- आईरिस स्कैनर- 01
- फिंगर स्कैनर- 01
- मूल आधार कार्ड- 08 एवं अन्य संबंधित दस्तावेज/डिजिटल सामग्री

इस संदर्भ में नगर थाना कांड सं.- 547/2026 दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस आगे की कार्रवाई और अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

