मुजफ्फरपुर: अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्य पुरी रोड नंबर 6 स्थित शिव शंकर सिंह के मकान में हुई उपेंद्र पासवान की हत्या का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त मुख्य अभियुक्त और मृतक की दूसरी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 सितंबर 2026 को अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्य पुरी रोड नंबर 6 के पास शिव शंकर सिंह के मकान में उपेंद्र पासवान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी। इस मामले में मृतक की मां शकुंती देवी के लिखित आवेदन पर अहियापुर थाना कांड संख्या 1478/26 दर्ज किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मो मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिनांक 18 सितंबर 2026 को अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर 6 स्थित शिवशंकर सिंह के मकान में उपेंद्र पासवान की हत्या कर उसकी दूसरी पत्नी द्वारा भाग जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक के अनुश्रवण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर 2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें अहियापुर थाना अध्यक्ष की टीम भी शामिल थी।

एसआईटी का हुआ था गठन
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम की अगुवाई एसडीपीओ टाउन टू कर रहे थे, जिसमें अहियापुर थानाध्यक्ष भी शामिल थीं। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी आसूचना का संकलन कर तेजी से जांच को आगे बढ़ाया।

कर्जा थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक अभियुक्त कामिनी (जो सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली है) को कर्जा थाना क्षेत्र के मरवन रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों बिना शादी किए साथ में रह रहे थे और उनके बीच आपसी विवाद चल रहा था, जिसके बाद इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया।

एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार
घटना के तुरंत बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची थी और साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि पीछे से सिर पर वार (अटैक) किए जाने की वजह से उपेंद्र पासवान की मौत हुई है। पुलिस एफएसएल की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद हत्या के सटीक कारणों और तौर-तरीकों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में किसी अन्य की संलिप्तता है या नहीं।

सीसीटीवी फुटेज बना खुलासे का आधार
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर अभियुक्त कामिनी को अकेले निकलते हुए देखा गया था। इसी सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का सफल उद्भेदन संभव हो सका।

पुलिस की आम जनता से अपील
प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग अपने घरों और इंडस्ट्रियल एरिया में हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं। इससे समाज में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है और किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर अपराधियों की पहचान और कांड के उद्भेदन में पुलिस को बड़ी सहायता मिलती है।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


