बिहार में बाढ़ का कहर: मुंगेर और भागलपुर में बाढ़ पीड़ितों से मिले केंद्रीय मंत्री शिवराज और मुख्यमंत्री सम्राट, बोले- “सरकार हर संभव मदद को तैयार”

पटना, 16 सितंबर 2026: बिहार में आई भीषण बाढ़ के मद्देनजर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण सह ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुंगेर और भागलपुर जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद, दोनों मंत्रियों ने मुंगेर जिले के नवाबगढ़ी और शीतलपूर में स्थित इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय राहत शिविर तथा सीताकुंड परिसर का दौरा किया, और भागलपुर जिले के भागलपुर पॉलिटेक्निक राहत शिविर में जाकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की।

मुंगेर के नवाबगढ़ी स्थित इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय राहत शिविर का निरीक्षण करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवाबगढ़ी और शीतलपूर स्थित इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय परिसर में बनाए गए निबंधन काउंटर, सामग्री वितरण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत अस्थायी बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर, आईसीडीएस केंद्र, बाढ़ राहत पशु चिकित्सा शिविर, सामुदायिक रसोई केंद्र और अस्थायी आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को दी जा रही सुविधाओं और राहत व्यवस्था की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीड़ितों को आश्वासन देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव मदद कर रही है। बाढ़ प्रभावित परिवार अपनी समस्याओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी के समक्ष रखें, उनकी जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित 8.5 लाख से अधिक परिवारों को अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई गई है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए बिहार सरकार द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार भी बिहार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और बाढ़ के कारण फसलों, पशुओं एवं अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। क्षति का आकलन करने के लिए कृषि विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग की केंद्रीय टीमें बिहार पहुंच गई हैं।

दोनों मंत्रियों ने पॉलिटेक्निक कॉलेज, भागलपुर में चल रहे बाढ़ राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने मनोरंजन कक्ष में छोटे-छोटे बच्चों से मुलाकात की और साथ ही बाढ़ राहत शिविर में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक कुमार प्रणय, विधायक नचिकेता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी और बाढ़ प्रभावित परिवार उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here