पटना / हाजीपुर / सोनपुर (07 सितम्बर 2026): बिहार में बाढ़ के कहर के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद मैदान में उतर चुके हैं। वैशाली और सारण जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का तूफानी दौरा करते हुए मुख्यमंत्री ने हाजीपुर और सोनपुर में संचालित राहत शिविरों की कमान अपने हाथों में ले ली। आपदा की इस संकट घड़ी में बाढ़ पीड़ितों का दर्द बांटने पहुंचे मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथों से बाल्टी और कलछी उठाकर पीड़ितों को खाना परोसा और सोनपुर में उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।

राहत शिविरों में खुद लिया व्यवस्थाओं का जायजा
वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना के सामने बने बाढ़ राहत शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कम्युनिटी किचन, भोजन वितरण काउंटर और निबंधन सह नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों के रहने के लिए बने अलग-अलग शिविरों में जाकर सीधे लोगों से बात की। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र और शैक्षणिक शिविर में बच्चों से पढ़ाई और खान-पान का हाल जाना।

मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की मदद, किसानों के लिए मुआवजे का ऐलान
स्वास्थ्य शिविर का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को तुरंत इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पशु चिकित्सा शिविर में दवा और पशु चारा की पूरी व्यवस्था करने को कहा। बाढ़ में डूबने से हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि बाढ़ से हुए फसल नुकसान का सर्वे कराकर सभी प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

गंगा के पानी में 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट, फरक्का से 15 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज
सोनपुर के स्काउट एंड गाइड सेंटर शिविर में निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगभग 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट आई है और फरक्का बराज से करीब 15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में स्थिति में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि गंगा नदी के स्ट्रेच को सीमा में बांधने और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्रीय जल आयोग से भी बातचीत की गई है।

निरीक्षण में मौजूद रहे कई दिग्गज
इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, विधायक जनक सिंह, विधायक संजय सिंह, विधायक सिद्धार्थ पटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार और वैशाली के पुलिस अधीक्षक सुभांक मिश्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


