मुजफ्फरपुर: स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच परिसर में टाटा मेमोरियल सेंटर की इकाई ‘होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर’ के नवनिर्मित 12 बेड के विशेष आईसीयू और एसकेएमसीएच के नवनिर्मित 30 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू का विधिवत उद्घाटन किया।उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वार्डों में जाकर मरीजों से सीधे बातचीत की। उन्होंने मरीजों से उनके इलाज और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

‘कैंसर मरीजों को अब दिल्ली-मुंबई जाने की जरूरत नहीं’ इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि अब उत्तर बिहार के कैंसर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एसकेएमसीएच परिसर में विकसित किया जा रहा कैंसर अस्पताल उत्तर बिहार के प्रमुख कैंसर सेंटर के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां मरीजों को अत्याधुनिक इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।

12 बेड का विशेष आईसीयू चालू, 100 बेड के पेलिएटिव केयर यूनिट पर काम स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कैंसर अस्पताल में 12 बेड का विशेष आईसीयू शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा 100 बेड का पेलिएटिव केयर यूनिट भी विकसित किया जा रहा है, जिससे गंभीर स्थिति वाले मरीजों की देखभाल और इलाज की सुविधाओं में विस्तार होगा।

केंद्र से मिले 112 करोड़ रुपये स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि कैंसर अस्पताल के विस्तार और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से 112 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और मुंबई के बड़े अस्पतालों के स्तर की चिकित्सा सुविधाएं अब यहीं एसकेएमसीएच में उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद, प्राचार्य कुमारी विभा, उपाधीक्षक डॉ. गोपाल शंकर सहनी और कैंसर अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों व डॉक्टरों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में अस्पताल में वर्तमान में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, मरीजों के सुचारू इलाज और आने वाले समय में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

