सकरा (मुजफ्फरपुर ): समाजवादी विचारधारा के क्रांतिकारी पुरोधा अमर शहीद जगदेव प्रसाद के 52वें शहादत दिवस पर केशोपुर पंचायत स्थित हनुमान मंदिर के प्रांगण में एक विशाल ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस भव्य अवसर पर अमर शहीद जगदेव बाबू की प्रतिमा अनावरण के लिए शिलान्यास किया जाएगा। शिलान्यास समारोह को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह और हलचल देखी जा रही है।

कुर्था से आएगी शहादत भूमि की मिट्टी : आयोजकों से मिली जानकारी के अनुसार, शिलान्यास का यह विशेष कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि शिलान्यास का कार्य जगदेव प्रसाद की शहादत भूमि यानी कुर्था प्रखंड, अरवल की पवित्र मिट्टी आने के पश्चात संपन्न किया जाएगा। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए क्षेत्र के आम नागरिकों, शोषितों और वंचितों को बढ़-चढ़कर भाग लेने का निमंत्रण दिया गया है।
नारों से गूंजेगा प्रांगण : कार्यक्रम के माध्यम से जगदेव बाबू के उन क्रांतिकारी विचारों को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया जाएगा, जिन्होंने समाज में समता और अधिकार की अलख जगाई थी। ‘सौ में नब्बे शोषित हैं, नब्बे भाग हमारा है’ और ‘पहली पीढ़ी के लोग मारे जाएंगे, दूसरी पीढ़ी के लोग जेल जाएंगे, तीसरी पीढ़ी के लोग राज करेंगे’ जैसे नारों के साथ कार्यक्रम स्थल पर जगदेव बाबू के विचारों की वैचारिक हुंकार भरी जाएगी।

आयोजक मंडल जगदेव विचार मंच सकरा ने क्षेत्र के सभी बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनों से अपील की है कि वे अमर शहीद जगदेव बाबू के शहादत दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित होकर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


