मुजफ्फरपुर (विशेष संवाददाता): मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी मुजफ्फरपुर के सख्त निर्देश पर पूरे जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कुढ़नी थाना क्षेत्र के झिटकी पुल के पास पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें, 1 छिनतई का मोबाइल तथा 4 अन्य मोबाइल बरामद किए गए हैं।

रात्रि गश्ती के दौरान झिटकी पुल पर बिछाया गया जाल
घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-02) अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 29 अगस्त की रात लगभग 10:00 बजे सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अनिल पासवान सशस्त्र बलों के साथ झिटकी पुल के समीप रात्रि गश्ती और गहन वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार 5 संदिग्ध व्यक्ति एक साथ आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों गाड़ियों को रोका। पहली गाड़ी पर तीन और दूसरी गाड़ी पर दो व्यक्ति सवार थे।

चेसिस नंबर घिसा, एसएसडी मशीन से खुला चोरी का राज
जब पुलिस ने वाहनों की गहनता से जांच की, तो पाया गया कि एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बिना नंबर प्लेट की थी, जबकि दूसरी बाइक पर हिंदी में अस्पष्ट नंबर लिखा था। संदिग्ध स्थिति को देखते हुए गाड़ी का चेसिस नंबर जांचा गया, जो घिसा हुआ था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसआई अनिल पासवान ने तुरंत कुढ़नी थानाध्यक्ष पुनीत कुमार को सूचना दी। थानाध्यक्ष पुनीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस टीम ने एसएसडी (SSD) मशीन से चेसिस और इंजन नंबर का मिलान किया, तो बड़ा खुलासा हुआ। गाड़ी का रजिस्टर्ड नंबर पूसा (समस्तीपुर) के एक व्यक्ति के नाम पर पाया गया, जिससे इंजन नंबर मेल नहीं खा रहा था।
कर्पूरी चौक से चोरी हुई थी बाइक, गोरौल थाने में दर्ज था मामला
वहीं दूसरी बिना नंबर वाली बाइक (बीआर-31एएल-5870) का जब सत्यापन किया गया, तो उसके मालिक गोरौल थाना क्षेत्र के रवि कुमार पाए गए। पुलिस द्वारा संपर्क करने पर रवि कुमार ने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल 27 अगस्त को कर्पूरी चौक से चोरी हो गई थी, जिसके संबंध में गोरौल थाना में कांड संख्या 501/26 दर्ज कराई गई थी। पूछताछ के दौरान पकड़े गए किसी भी व्यक्ति ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
पुलिस ने इस मामले में कुढ़नी थाना में प्राथमिक (कांड संख्या 124/26) दर्ज कर निम्नलिखित 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है:
- प्रकाश कुमार (थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर)
- दिलीप कुमार (थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर)
- सत्यप्रकाश कुमार (थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर)
- सचिन कुमार (थाना मनियारी, जिला मुजफ्फरपुर)
- मो ईवरान (थाना फकुली, जिला मुजफ्फरपुर)

पुलिस द्वारा की गई बरामदगी:
- चोरी की हुई मोटरसाइकिल – 02
- छिनतई का मोबाइल फोन – 01
- अन्य मोबाइल फोन – 04
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और इनके अन्य आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

