बाबा गरीबनाथ धाम में अंतिम सोमवारी पर उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब, सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम: रामदयालु से मंदिर तक सड़कों पर उतरे डीएम और एसएसपी, 5 किमी दायरा ‘नो ड्रोन ज़ोन’ घोषित

मुजफ्फरपुर (विशेष प्रतिनिधि): श्रावणी मेला 2026 की चतुर्थ एवं अंतिम सोमवारी को लेकर उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए भक्तों का उत्साह चरम पर है। अंतिम सोमवारी को होने वाली अप्रत्याशित भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। तैयारियों का जायजा लेने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने अधिकारियों की पूरी टीम के साथ खुद धरातल पर उतरकर निरीक्षण किया।

प्रशासनिक टीम ने रामदयालु नगर से लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर तक के पूरे कांवरिया मार्ग का पैदल एवं वाहनों से मुआयना किया। इस दौरान मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य शिविर, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के उपायों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

प्रोटोकॉल के तहत भीड़ नियंत्रण, लखीसराय जैसी घटनाओं से सबक

निरीक्षण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि अब तक संपन्न हुई तीनों सोमवारियों में जलाभिषेक का कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा हुआ है। चौथी सोमवारी को लेकर भी प्रशासन की यही प्राथमिकता है कि बिना किसी अप्रिय घटना के पूरा आयोजन संपन्न कराया जाए।

हाल ही में लखीसराय में हुई घटना के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त करते हुए कहा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन कराया जा रहा है। हमारी तैयारियां पूरी हैं और समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। अधिकारियों को एक-एक पॉइंट पर तैनात रहकर व्यवस्था पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है ताकि कांवरियों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”

चॉपर से होगी पुष्प वर्षा, 5 किलोमीटर क्षेत्र टेंपरेरी रेड ज़ोनघोषित

अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर दिनांक 24 अगस्त 2026 को पूर्वाहन 07:00 बजे से 10:00 बजे तक हेलीकॉप्टर (चॉपर) के माध्यम से बाबा गरीबनाथ मंदिर, छोटी कल्याणी और सरैयागंज टावर सहित प्रमुख चिह्नित स्थलों पर श्रद्धालुओं के ऊपर भव्य पुष्प वर्षा की जाएगी।

पुष्प वर्षा और चॉपर की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा एक कड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से पुष्प वर्षा स्थलों के 05 किलोमीटर त्रिज्या (रेडियस) के पूरे परिधि क्षेत्र को दिनांक 23 अगस्त 2026 के पूर्वाहन 06:00 बजे से दिनांक 24 अगस्त 2026 के अपराहन 06:00 बजे तक टेंपरेरी रेड ज़ोन / नो ड्रोन फ्लाई ज़ोन‘  घोषित कर दिया गया है।

इस अवधि के दौरान इस निर्धारित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन , हॉट एयर बैलून , पैरा मोटर्स (Para Motors), पैरा-ग्लाइडर्स , पावर्ड हैंड ग्लाइडर्स  सहित किसी भी गैर-पारंपरिक उड़न वस्तु  के उड़ाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी ने अनुमंडल अधिकारियों और अनुमंडल पुलिस अधिकारियों को इस आदेश का सख़्ती से अनुपालन कराने तथा उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here