मुजफ्फरपुर में 96 स्कूलों के आगे लगेंगे रंबल स्ट्रिप, एफओबी और अंडरपास से बदलेगी शहर की सूरत!

मुजफ्फरपुर। जिला समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार को विकास और जनसुविधाओं से जुड़ी  महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठकों का आयोजन किया गया। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री सह मुजफ्फरपुर सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित जिला-स्तरीय विद्युत समिति एवं संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठकों में जिले की सूरत बदलने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कई कड़े निर्देश जारी किए गए।

बिजली व्यवस्था पर सख्त रुख: लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिला-स्तरीय विद्युत समिति की पहली बैठक में मंत्री ने जिले में विद्युत आपूर्ति, वितरण व्यवस्था, लंबित परियोजनाओं तथा आम उपभोक्ताओं से जुड़ी शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट लहजे में निर्देश दिया कि पूरे जिले में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। बिजली की ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और जले हुए ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध सीमा के भीतर होना चाहिए, किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं विद्युत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री सह सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी, कांटी विधायक ई. अजीत कुमार  तथा साथ में मौजूद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी।

सड़क सुरक्षा: 96 स्कूलों के सामने रंबल स्ट्रिप, नए एफओबी और अंडरपास का ऐलान

इसके बाद आयोजित संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आम जनता की जान-माल की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने सड़क सुरक्षा मानकों का अक्षरशः अनुपालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग का काम नहीं, बल्कि यह समाज के सभी हितधारकों का सम्मिलित उत्तरदायित्व है।

बैठक के दौरान बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए घोषणा की गई कि जिले के लगभग 96 विद्यालयों के ठीक सामने रंबल स्ट्रिप लगाए जा रहे हैं ताकि तेज रफ्तार वाहनों की गति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा शहर में जाम की समस्या से मुक्ति और यातायात को सुगम बनाने के लिए अनेक नए एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) तथा रणनीतिक स्थलों पर अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।

सरकार सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध

समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि हमारी सरकार आम नागरिकों की सुरक्षा, सुगम यातायात और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी हितधारकों  को लगातार सजग और जवाबदेह रहकर धरातल पर काम करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी, जिला पुलिस अधीक्षक, विद्युत विभाग के वरिष्ठ अभियंता, पथ निर्माण विभाग के अधिकारी एवं सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित थे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here