15 वर्षों से एक ही पंचायत में जमे किसान सलाहकारों के तबादले की तैयारी, मुजफ्फरपुर में फर्जी खाद दुकानदारों के रद्द होंगे लाइसेंस

मुजफ्फरपुर। जिले में पिछले 15 वर्षों से एक ही पंचायत में कार्यरत किसान सलाहकारों के स्थानांतरण (तबादले) की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। शनिवार को समाहर्नालय सभा कक्ष में खरीफ 2026 के लिए आयोजित जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजीत कुमार ने पंचायत स्तर पर कार्यरत किसान सलाहकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि किसान सलाहकार पिछले 15 वर्षों से एक ही जगह जमे हैं और स्थानीय होने के कारण उनके कार्य की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव ने जिला कृषि पदाधिकारी को राज्य विभाग से परामर्श प्राप्त कर इनके तबादले की कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

फर्जी और अक्रियाशील उर्वरक विक्रेताओं पर गिरेगी गाज, लाइसेंस होंगे रद्द

बैठक के दौरान कांटी विधायक अजीत कुमार ने जिले में पंजीकृत 1466 खुदरा उर्वरक विक्रेताओं की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इनमें से कई दुकानें अक्रियाशील हैं और कागजों पर फर्जी तरीके से चल रही हैं। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कृषि पदाधिकारी को सघन जांच कर सभी अक्रियाशील और फर्जी विक्रेताओं के लाइसेंस तुरंत प्रभाव से रद्द करने का आदेश दिया।

मुजफ्फरपुर समाहर्नालय सभा कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में मंचासीन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री राज भूषण चौधरी, जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं अन्य प्रशासनिक व कृषि अधिकारी।

थोक विक्रेताओं की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के थोक उर्वरक विक्रेताओं की सघन जांच के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और कृषि विभाग के उर्वरक निरीक्षकों की एक संयुक्त टीम बनाई जाए। यह टीम थोक दुकानों की जांच कर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

किसानों को तय कीमत पर मिलेगी खाद, भाड़े की होगी व्यवस्था

किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए विक्रेताओं के प्रतिष्ठान तक भाड़ा सहित खाद पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। इससे किसान तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उचित मूल्य पर खाद पहुंच सकेगी।

किसानों के लिए हेल्पलाइन और त्वरित निष्पादन टीम का गठन

खाद से जुड़ी समस्याओं के तुरंत निवारण के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन डेस्क एवं त्वरित निष्पादन टीम बनाई गई है:

  • हेल्पलाइन डेस्क संपर्क सूत्र:
    • राजेश कुमार, सहायक निदेशक (सांख्यिकी) – मोबाइल: 9631584961
    • कृष्णा आनंद, लिपिक, जिला कृषि कार्यालय – मोबाइल: 8521970616
  • त्वरित निष्पादन टीम संपर्क सूत्र:
    • सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण, मुजफ्फरपुर – मोबाइल: 7991161174
    • सहायक निदेशक, रसायन एवं मिट्टी जांच प्रयोगशाला, मुजफ्फरपुर – मोबाइल: 9911496439
    • सहायक निदेशक, कृषि अभियंत्रण, मुजफ्फरपुर – मोबाइल: 9810016697

बैठक में उपस्थित प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी

इस बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री राज भूषण चौधरी, बरूराज विधायक अरुण कुमार सिंह, बोचहां विधायिका बेबी कुमारी, मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार, कांटी विधायक अजीत कुमार, मीनापुर विधायक अजय कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (पूर्वी एवं पश्चिमी) और उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here