पटना । बिहार में पारदर्शी शासन और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विधायकों और विधान पार्षदों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन में विधायकों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत ‘प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम‘ (परियोजना निगरानी प्रणाली) वेब पोर्टल का रिमोट के माध्यम से आधिकारिक शुभारंभ भी किया। इस पोर्टल से क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की निगरानी और कार्य की गुणवत्ता बेहतर हो सकेगी।

एआई की जांच से एस्टीमेट में बचत, बचा पैसा अन्य विकास में होगा खर्च
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि योजनाओं के एस्टीमेट तैयार करने में एआई का उपयोग बहुत प्रभावी साबित हो रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भवन निर्माण विभाग के एक एस्टीमेट की एआई के जरिए जांच कराने पर लागत में 5 से 7 प्रतिशत तक की बचत हुई है। इस बचाई गई राशि का उपयोग दूसरे विकास कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने सभी मंत्रियों, विधायकों और विधान पार्षदों से अपील की कि वे तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग करें ताकि जनता से संवाद और बेहतर हो सके।

60 लाख किसानों को मिलेगी डिजिटल आईडी, 1 करोड़ लोगों तक राशन कार्ड
राज्य में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग कार्यक्रम और 1 करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने में एआई की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही राज्य में किसानों का डिजिटल सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें 60 लाख किसानों को डिजिटल आईडी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की सभी पंचायतों में मौसम केंद्र संचालित हैं, जिनका पूर्वानुमान 70 से 80 प्रतिशत तक सटीक रहता है और यह कृषि के लिए उपयोगी सिद्ध हो रहा है।
मुजफ्फरपुर में खुलेगा एआई और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुजफ्फरपुर में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड कंप्यूटर साइंस यूनिवर्सिटी‘ की स्थापना की जा रही है। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ उनके सहायकों को भी समय-समय पर एआई, कंप्यूटर और सोशल मीडिया के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, विधान पार्षद, योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव एन विजयलक्ष्मी, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


