नशे के खिलाफ बिहार में अभियान: ब्रह्माकुमारीज के साथ एमओयू करेगी सरकार, युवाओं को जोड़ने की योजना

नशामुक्त युवा ही रखेंगे 2047 के विकसित भारत और समृद्ध बिहार की मजबूत नींव, लोक भवन में पीएम के राष्ट्रव्यापी अभियान का राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

पटना, 02 अगस्त: बिहार को नशामुक्त बनाने और राज्य की युवा शक्ति को देश के निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से एक नए अभियान की शुरुआत की गई है। रविवार को लोक भवन, पटना में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअली शुरू किए गए नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का बिहार में शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मंच से संबोधित करते हुए राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मंच पर अतिथि: पटना के लोक भवन में आयोजित नशामुक्ति कार्यक्रम के दौरान मंच पर (बाएं से दाएं) ब्रह्माकुमारीज की बहन वर्णिका, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत।

ब्रह्माकुमारीज के साथ होगा एमओयू, गांव-गांव और कॉलेजों तक पहुंचेगा अभियान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की तर्ज पर अब बिहार सरकार भी ब्रह्माकुमारीज संस्था के साथ जल्द ही एक एमओयू  करने की दिशा में पहल कर रही है। इस समझौते के तहत नशामुक्ति के जन-जागरण अभियान को शहरों के साथ-साथ राज्य के दूर-दराज के गांवों, पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और सीधे युवाओं तक व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति केवल कानून या प्रशासनिक प्रयासों से पूरी तरह संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सामाजिक स्वीकार्यता और जनता की सहभागिता आवश्यक है।

2016 की शराबबंदी से मिला सामाजिक बदलाव, महिलाओं को सीधा लाभ

बिहार में शराबबंदी के प्रभावों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2016 में लागू की गई पूर्ण शराबबंदी के सकारात्मक परिणाम समाज में दिखाई दे रहे हैं। शराबबंदी से विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों को लाभ हुआ है तथा सामाजिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में बिहार की धरती ने देश को ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में पहचान दी थी। आज एक बार फिर बिहार के युवाओं को अपनी क्षमता के बल पर विकसित भारत और समृद्ध बिहार के निर्माण में आगे आना होगा।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा पर जोर, शुरू हुए 211 डिग्री कॉलेज

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए बेहतर शिक्षा और वातावरण को प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करते हुए बिहार में 211 डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की है। उन्होंने यह भी कहा कि जीएसटी  व्यवस्था लागू होने के बाद बिहार जैसे बड़े उपभोक्ता राज्य को महत्वपूर्ण लाभ मिला है। राज्य सरकार आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सुधारों को भी प्राथमिकता दे रही है।

युवाओं को संबोधित करते मुख्यमंत्री: लोक भवन, पटना में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प’ कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। सामने दर्शक दीर्घा में माई भारत की कैप पहने उपस्थित एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं अन्य युवा।

माई भारत की कैप पहनकर युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

समारोह के दौरान ब्रह्माकुमारीज और माई भारत  संस्था की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों और युवाओं को माई भारत की कैप पहनाकर अभियान से जोड़ा गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। ब्रह्माकुमारीज की बहन वर्णिका ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम में ये अधिकारी और गणमान्य रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा ब्रह्माकुमारीज संस्था के सदस्यगण, एनसीसी  कैडेट्स, एनएसएस  के स्वयंसेवक, आपदा मित्र तथा युवा भारत के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

 ||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here