मुजफ्फरपुर में बाइक सवार लुटेरों के गिरोह का पर्दाफाश: 20 अप्रैल को हुई छिनतई कांड में 1 दबोचा गया, 2 की तलाश जारी!

मुजफ्फरपुर (कथैया)। कथैया थाना क्षेत्र के पट्टी असवारी स्थित बरदही पुल के पास 20.04.2026 को हुई राहजनी और छिनतई की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 1 शातिर अपराधी को धर दबोचा है, जबकि उसके 2 अन्य साथी फिलहाल फरार हैं। गिरफ्तार अपराधी के पास से लूट का 1 मोबाइल बरामद हुआ है।

कथैया थाना पुलिस की गिरफ्त में छिनतई कांड का आरोपी विकास कुमार, साथ में मौजूद पुलिस बल।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी 01, सुचित्रा कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 20.04.2026 को पारू थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित प्रेमचंद्र राम के साथ पट्टी असवारी स्थित बरदही पुल के पास छिनतई की घटना हुई थी। बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर आए 3 बेखौफ अपराधियों ने पीड़ित को घेरकर उनका पिठ्ठू बैग छीन लिया था। बैग में लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, ब्लूटूथ स्पीकर और आरसीएम किट जैसे कीमती सामान रखे थे।

घटना के संदर्भ में पीड़ित के आवेदन पर कथैया थाना में कांड संख्या 101/26 दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के अनुश्रवण में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पश्चिमी 01 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष कथैया की टीम भी शामिल थी।

तकनीकी और मानवीय साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पारू थाना क्षेत्र के रहने वाले अभियुक्त विकास कुमार को दबोच लिया। गहन पूछताछ में विकास कुमार ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बाइक पर सवार अपने अन्य 2 सहयोगियों के नाम मनीष कुमार और अविनाश कुमार बताए हैं। ये दोनों भी पारू क्षेत्र के ही निवासी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मनीष कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि बाकी आरोपियों के इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने गिरफ्तार विकास कुमार की निशानदेही पर छीना गया 1 मोबाइल बरामद कर लिया है। अन्य सामानों की बरामदगी और फरार अपराधियों मनीष कुमार एवं अविनाश कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here