बिहार में टल सकते हैं पंचायत चुनाव! परिसीमन के फेर में फंसा समय, शेखपुरा में मंत्री दीपक प्रकाश का बड़ा बयान

शेखपुरा। बिहार में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसने पूरे राज्य के राजनीतिक गलियारों और ग्रामीण इलाकों में हलचल तेज कर दी है। बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शेखपुरा जिला दौरे के दौरान पंचायत चुनाव के समय पर होने को लेकर एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण बयान दिया है। मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राज्य में पंचायतों के परिसीमन को लेकर उच्च स्तरीय विचार चल रहा है और यदि परिसीमन करने का अंतिम निर्णय लिया जाता है, तो पंचायत चुनाव में कुछ समय का विलंब हो सकता है।

शेखपुरा जिला समाहरणालय सभागार में पंचायती राज विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता करते पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश एवं मंच पर उपस्थित अन्य प्रशासनिक अधिकारी।

परिसीमन पर सरकार का बड़ा बयान, टल सकती है तारीख : शेखपुरा जिला अतिथि गृह में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पत्रकारों के  सवालों का जवाब दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार ने चुनाव की पूरी तैयारी कर ली है, तो मंत्री ने कहा, “निर्वाचन आयोग के निर्देशन में सारी तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। हमारी पूरी कोशिश है कि चुनाव सारी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए सही समय पर कराए जाएं।” लेकिन इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा, “आपके पंचायत का चुनाव सही समय पर हो, इसके लिए एक तरफ परिसीमन के ऊपर अभी गहन विचार चल रहा है। अगर सरकार द्वारा यह निर्णय होता है कि परिसीमन करना है, तो चुनाव में थोड़ी विलंब की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।” मंत्री के इस बयान के बाद अब यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि भावी प्रत्याशियों को चुनाव के लिए थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

योजनाओं की समीक्षा बैठक में अफसरों को सख्त हिदायत :  प्रेस वार्ता से पूर्व, मंत्री दीपक प्रकाश ने शेखपुरा जिला समाहरणालय के सभागार में पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की एक हाई-लेवल समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, भौतिक स्थिति और कार्यों की गुणवत्ता की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मॉडल पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण और घुसकुरी में डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन : अपने व्यस्त दौरे के क्रम में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश शेखपुरा जिला के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत सर्वा ग्राम पंचायत पहुंचे। वहां उन्होंने नवनिर्मित मॉडल पंचायत सरकार भवन का औचक निरीक्षण किया। भवन की व्यवस्थाओं को देखते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन आम लोगों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाओं का एक प्रमुख केंद्र बनना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को सभी सरकारी सेवाएं पूरी पारदर्शिता, सुगमता और बिना किसी भ्रष्टाचार के स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।

 शेखपुरा जिला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को पौधा भेंट कर सम्मानित करते वरिष्ठ अधिकारी।

इसके पश्चात, मंत्री अरियरी प्रखंड के घुसकुरी ग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित पंचायत लाइब्रेरी (पुस्तकालय) का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी गांव के युवाओं, छात्राओं और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का एक मील का पत्थर साबित होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी सुविधाओं से शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा।

संत बाबा नरपतमल मंदिर में टेका माथा, जनता ने किया भव्य स्वागत शेखपुरा दौरे के अंतिम चरण में मंत्री दीपक प्रकाश घाटकुसुम्भा स्थित प्रसिद्ध संत बाबा नरपतमल मंदिर परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर परिसर में स्थानीय साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं द्वारा उनके सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। अपने आत्मीय स्वागत, स्नेह और सम्मान से गदगद होकर मंत्री दीपक प्रकाश ने सभी स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पूरे दौरे के दौरान पंचायती राज विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के आला अफसर और भारी संख्या में मुख्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here